शुभमन गिल की कप्तानी में गुजरात टाइटंस (GT) ने आईपीएल 2025 में धूम मचा रखा है। GT लगातार तीन मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप-2 में बनी हुई है। आज (9 अप्रैल) उसका सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से होगा। संजू सैमसन की कप्तानी वाली राजस्थान रॉयल्स भी विजयरथ पर सवार है।
गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन अब तक संतोषजनक रहा है। बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों ने भी दम दिखाया है। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की आग उगलती गेंदों का बल्लेबाजों के पास जवाब नजर नहीं आया है। शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने रन बनाने का जिम्मा उठाया हुआ है। साई किशोर लगातार प्रभावित कर रहे हैं लेकिन GT की सबसे बड़ी चिंता राशिद खान की फॉर्म है। राशिद 4 मैचों में एक ही विकेट झटक पाए हैं।
यह भी पढ़ें: मोहम्मद सिराज का चलेगा राज या संजू सैमसन मारेंगे बाजी?
महंगे साबित हो रहे राशिद
अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने 2017 में आईपीएल डेब्यू करने के बाद से 6 सीजन तक राज किया। उनके सामने बल्लेबाजों की कोशिश किसी तरह विकेट बचाने की होती थी। मगर अब बल्लेबाज उन्हें निशाना बना रहे हैं। राशिद ने पिछले तीन सीजन से कम से कम एक बार जरूर 50 प्लस रन लुटाए हैं। 2 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 54 रन दिए थे। आईपीएल में राशिद का यह संयुक्त रूप से सबसे खराब बॉलिंग फिगर है।
इसके पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने राशिद से दो ओवर ही डलवाए थे। आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब राशिद अपने कोटे के 4 ओवर पूरे नहीं कर पाए।
यह भी पढ़ें - CSK के खिलाफ धुआंधार शतक लगाने वाले प्रियांश आर्य की कहानी क्या है?
कहां हो रही गलती?
आईपीएल 2020 में राशिद ने हर 42.67 वीं गेंद पर छक्का दिया था। वहीं अब उन्हें हर 7.64वीं गेंद पर छक्का पड़ रहा है। इसका बड़ा कारण इम्पैक्ट प्लेयर नियम भी है। अब टीमों के पास एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाने का विकल्प रहता है। दूसरी ओर राशिद ने इस साल काफी फुल गेंदें की हैं। ईएसपीएनक्रिकइंफो के मुताबिक राशिद ने आईपीएल 2025 में 36 प्रतिशत गेंदें फुल डाली हैं, जो 2023 की तुलना में 15 प्रतिशत ज्यादा है। राशिद के महंगे साबित होने की एक वहज उनके लेंथ में आया बदलाव भी हो सकता है। 2023 में पीठ की सर्जरी के बाद से राशिद को इंटरनेशनल क्रिकेट में भी संघर्ष करना पड़ा है।