करुण नायर ने इंग्लैंड पहुंचते ही धूम मचा दी है। 8 साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले करुण ने इंडिया-ए की ओर से इंग्लैंड लॉयंस के खिलाफ दोहरा शतक जड़ दिया है। पहले अनऑफिशियल टेस्ट के दूसरे दिन उन्होंने 272 गेंद में अपनी डबल सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उनके बल्ले से 26 चौके और 1 छक्का निकला।
करुण नायर के फर्स्ट क्लास करियर का यह चौथा दोहरा शतक है। इंग्लैंड की सरजमीं पर उनकी यह दूसरी डबल सेंचुरी है। इससे पहले उन्होंने पिछले साल नॉर्थैम्पटन के लिए खेलते हुए ग्लेमॉर्गन के खिलाफ नाबाद 202 रन की पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: अनिमेष कुजूर ने तोड़ा नेशनल रिकॉर्ड, एशियन एथलेटिक्स में जीता ब्रॉन्ज
चौका जड़कर पूरा किया दोहरा शतक
करुण नायर कल 186 रन पर नाबाद थे। उनके साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल 82 रन बनाकर क्रीज पर खड़े थे। दोनों बल्लेबाजों ने आज अपनी पारी सहजता से आगे बढ़ाई। हालांकि जुरेल 6 रन से शतक से चूक गए। वह 94 रन बनाकर अजीत सिंह डेल का शिकार बने। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी (7) भी पवेलियन लौट गए। लगातार दो विकेट गिरने पर भी करुण ने संयम नहीं खोया और उन्होंने 101वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर अपने दोहरे शतक तक पहुंचे।
हालांकि डबल सेंचुरी लगाने के बाद करुण ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और जमान अख्तर का शिकार बने। करुण ने 204 रन की पारी खेली। इंडिया-ए के लिए उनका यह हाईएस्ट स्कोर रहा। इससे पहले उन्होंने साल 2015 में साउथ अफ्रीका-ए के खिलाफ नाबाद 114 रन की पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: MI ने GT को किया बाहर, बुमराह के एक ओवर ने पलटा मैच
टेस्ट सीरीज में मिलेगा मौका?
करुण को इंग्लैंड के खिलाफ 20 जून से शुरू हो रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट मार्च 2017 में खेला था। करुण ने पिछले घरेलू क्रिकेट सीजन में 9 शतक जड़े थे, जिसके बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई है। अब उन्होंने डबल सेंचुरी ठोक टेस्ट सीरीज की प्लेइंग-XI के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। करुण टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं।