घरेलू क्रिकेट में रनों की बरसात कर रहे करुण नायर का बल्ला एक बार फिर गरजा है। विदर्भ के लिए खेल रहे करुण ने रणजी ट्रॉफी फाइनल में केरल के खिलाफ शतक जड़ दिया है। उन्होंने खिताबी मुकाबले के चौथे दिन (1 मार्च) 184 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। इस घरेलू सीजन में करुण का यह 9वां शतक है। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने विजय हजारे ट्रॉफी में 7 पारियों में 5 शतक ठोके थे।
रणजी फाइनल में दूसरा शतक
धांसू फॉर्म में चल रहे करुण का इस रणजी सीजन में यह चौथी शतकीय पारी है। वह फाइनल मुकाबले की पहली पारी में दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रन आउट होकर शतक से चूक गए थे। करुण 86 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। लेकिन इस बार उन्होंने सेंचुरी ठोककर ही दम लिया। रणजी फाइनल में करुण का यह दूसरा शतक है। वह कर्नाटक की ओर से 2013-14 सीजन में रणजी डेब्यू करने के बाद से चौथी बार रणजी फाइनल खेल रहे हैं।
करुण नायर ने अपनी शतकीय पारी के दौरान रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन में 800 रन के आंकड़े को भी पार किया। पिछली पारी में उन्होंने 8000 फर्स्ट क्लास रन पूरे किए थे।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा हुए फिट, न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से पहले कोच ने दिया अपडेट
यह भी पढ़ें: अब भी सेमीफाइनल में हो सकती है अफगानिस्तान की एंट्री, ये है समीकरण
विदर्भ की स्थिति मजबूत
विदर्भ ने पहली पारी के आधार पर 37 रन की बढ़त हासिल की थी। दूसरी पारी में उसकी शुरुआत कुछ खास नहीं रही। केरल ने 7 रन के स्कोर पर विदर्भ को दोनों ओपनरों को पवेलियन भेज दिया था। यहां से करुण नायर और दानिश मालेवार (73) ने तीसरे विकेट के लिए 182 रन की साझेदारी कर टीम की मुसीबत से निकाला। चौथे दिन स्टंप्स तक विदर्भ का स्कोर 249/4 है। उसकी कुल बढ़त 286 रन की हो गई है।
करुण नायर 280 गेंद में 132 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ कप्तान अक्षय वाडकर (4) क्रीज पर मौजूद हैं। मुकाबले में एक ही दिन का खेल बचा है और यह ड्रॉ की ओर बढ़ रहा है। अगर फाइनल बराबरी पर छूटता है तो विदर्भ की टीम विजेता घोषित कर दी जाएगी, क्योंकि पहली पारी में उसने बढ़त हासिल की थी।