logo

ट्रेंडिंग:

मनु भाकर, डी गुकेश समेत 4 खिलाड़ियों को मिलेगा खेल रत्न पुरस्कार

भारत सरकार ने मनु भाकर, डी गुकेश, हरमनप्रीत सिंह और प्रवीण कुमार को खेल रत्न पुरस्कार देने का फैसला किया है।

Manu Bhaker D Gukesh

डी गुकेश। (फोटो - PTI)

मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार 2024 का ऐलान हो गया है। भारत सरकार ने मनु भाकर, डी गुकेश, हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को खेल रत्न पुरस्कार देने का फैसला किया है। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने आज (2 जनवरी) इसकी घोषणा की। पुरस्कार विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित किया जाएगा। 

 

हंगामे के बाद मनु भाकर को खेल रत्न

 

पेरिस ओलंपिक 2024 में शूटर मनु भाकर ने दो मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था। मनु एक ही ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली भारत की पहली एथलीट बनी थीं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत और सरबजोत सिंह के साथ मिलकर मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत को ब्रॉन्ज दिलाया था। खेल पुरस्कारों के ऐलान से पहले खबरें आई थीं कि खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय पुरस्कार समिति ने मेजर ध्यानचंद खेल रत्न के लिए जिन नामों की सिफारिश की है, उनमें मनु भाकर का नाम नहीं है। इसके बाद खूब हंगामा हुआ था। मनु भाकर के पिता ने भी निराशा जाहिर की थी। बवाल बढ़ने के बाद उम्मीद की जा रही थी कि खेल मंत्रालय अपनी गलती सुधारेगी और ये हुआ भी।


इन्हें भी मिला खेलों का सर्वोच्च पुरस्कार

 

डी गुकेश ने 12 दिसंबर को चीन के डिंग लिरेन को हराकर वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2024 का खिताब जीता था। 14 राउंड के फाइनल में 18 साल के गुकेश ने 7.5-6.5 से बाजी मार सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन बनने की उपलब्धि हासिल की थी। 

 

हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। खेलों के महाकुंभ में हरमनप्रीत ने सबसे ज्यादा 10 गोल भी दागे थे। उन्हें FIH ने साल के सबसे बेस्ट खिलाड़ी के अवॉर्ड से भी नवाजा था। 

 

प्रवीण कुमार ने पेरिस पैरालंपिक में हाई जंप - T64 कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता था। 

 

25 लाख रुपए मिलेंगे

 

खेल रत्न पुरस्कार भारत में दिया जाने वाला सर्वोच्च खेल सम्मान है। खेल रत्न पाने वाले खिलाड़ियों को 25 लाख रुपए मिलते हैं। साथ ही उन्हें ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाता है। पहले खेल रत्न पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों को सिर्फ 7.5 लाख रुपए ही मिलते थे, लेकिन 2020 में इसे बढ़ाकर 25 लाख रुपए कर दिया गया।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap