अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर ट्रेविस हेड गुरुवार (17 अप्रैल) को मुंबई इंडियंस के खिलाफ संघर्ष करते दिखे। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के इस ओपनर के बल्ले से 29 गेंद में सिर्फ 28 रन ही आए। यह उनके टी20 करियर की सबसे धीमी पारी रही। हेड का कैच भी छूटा, नो-बॉल पर उन्हें जीवनदान तक मिला लेकिन वह लय हासिल करने में नाकाम रहे। 12वें ओवर की पहली गेंद पर पार्ट-टाइम स्पिनर विल जैक्स ने हेड का संघर्ष खत्म किया।
इतने लंबे समय तक क्रीज पर मौजूद रहने के बावजूद हेड SRH के लिए अच्छा प्लेटफॉर्म नहीं सेट कर सके। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम वह 100 से भी कम स्ट्राइक रेट से रन बनाकर भारी कदमों के साथ पवेलियन लौटे। भले ही हेड अपनी पारी के दौरान तेजी से रन नहीं बना पाए लेकिन इस दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
हेड आईपीएल में सबसे कम गेंद में 1000 रन बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 575 गेंद में हजार रन के आंकड़े को छुआ। इसके साथ हेड ने अपनी ही टीम के साथी खिलाड़ी हेनरिक क्लासेन को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 594 गेंद में यह कारनामा किया था। आईपीएल में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम है। कोलकाता नाइट राइडर्स के इस ऑलराउंडर ने 545 गेंद में यह उपलब्धि अपने नाम की थी।
यह भी पढ़ें: RCB के खिलाफ इतिहास रचेंगे अर्शदीप सिंह, PBKS के लिए करेंगे यह कारनामा
IPL में सबसे कम गेंद में 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी:
- आंद्रे रसेल - 545 गेंद
- ट्रेविस हेड - 575 गेंद
- हेनरिक क्लासेन - 594 गेंद
- वीरेंद्र सहवाग - 604 गेंद
- ग्लेन मैक्सवेल- 610 गेंद
यह भी पढ़ें: हेड-अभिषेक पर पूरी तरह से निर्भर है SRH, आंकड़े दे रहे गवाही
अनिकेत वर्मा ने बचाई SRH की लाज
मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबले की बात करें तो अभिषेक शर्मा ने 28 गेंद में 40 रन ठोके। उनकी पारी के बावजूद SRH 17 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 115 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी। हेड के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी (21 गेंद में 19 रन) भी धीमी बल्लेबाजी कर आउट हो चुके थे। हेनरिक क्लासेन ने 18वें ओवर में दीपक चाहर के खिलाफ 21 रन बटोरे। अगले ओवर की पहली गेंद पर क्लासेन (37) को जसप्रीत बुमराह ने क्लीन बोल्ड कर दिया। अनकैप्ड भारतीय बल्लेबाज अनिकेत वर्मा ने MI के कप्तान हार्दिक पंड्या के खिलाफ आखिरी ओवर में लगातार दो छक्के लगाकर SRH को 150 के पार पहुंचाया।
सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस ने भी अंतिम गेंद पर छक्का जड़ा। अनिकेत और कमिंस के बीच छठे विकेट के लिए 11 गेंद में 26 रन की साझेदारी हुई, जिससे SRH ने सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। अनिकेत वर्मा 8 गेंद में 18 रन बनाकर नाबाद लौटे।