logo

ट्रेंडिंग:

6,6,6,6,6... मोहम्मद नबी ने पचासा ठोक क्रिस गेल के क्लब में ली एंट्री

Asia Cup 2025: अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी ओवर में 5 छक्के जड़ दिए। उन्होंने तूफानी अर्धशतक जड़कर क्रिस गेल के क्लब में जगह बनाई है।

Mohammad Nabi vs Sri Lanka

श्रीलंका के खिलाफ शॉट खेलते मोहम्मद नबी। (Photo Credit: Afghanistan Cricket Board/X)

एशिया कप 2025 में गुरुवार (18 सितंबर) को अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी ने गदर काट दिया। ग्रुप-बी के आखिरी लीग मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ इस अनुभवी अफगानी ऑलराउंडर ने पारी के अंतिम ओवर में 5 छक्के लगा दिए। नबी के हत्थे चढ़े श्रीलंका के युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर दुनिथ वेल्लालगे, जिन्हें कप्तान चरिथ असलंका के मिस कैलकुलेशन के चलते आखिरी ओवर डालने आना पड़ा।

 

नबी ने वेल्लालगे की पहली 3 गेंदों पर 3 छक्के लगाकर उनकी लाइन लेंथ बिगाड़ दी। वेल्लालगे ने चौथी गेंद ऑफ स्टंप के काफी बाहर डाली, जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया। थोड़ी देर बाद पता चला कि वेल्लालगे ओवरस्टेप कर बैठे थे। यानी गेंद नो-बॉल निकल गई। नबी ने फ्री हिट का फायदा उठाया और एक बार फिर गेंद को स्टैंड में भेज दिया। उन्होंने अगली गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया। वह 5 लीगल गेंदों पर 5 छक्के लगा चुके थे। उनके पास टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 6 छक्के लगाकर युवराज सिंह और किरोन पोलार्ड के रिकॉर्ड की बराबरी करने का सुनहरा मौका था लेकिन वह आखिरी गेंद पर 1 रन ही निकाल पाए।

 

यह भी पढ़ें: 'कुत्ता काट जाता है...', सैम अयूब की फॉर्म पर क्या बोल गए राशिद लतीफ?

 

क्रिस गेल के क्लब में शामिल हुए मोहम्मद नबी

40 साल के नबी भले ही युवराज और पोलार्ड की बराबरी करने से चूक गए लेकिन उन्होंने 22 गेंद में 60 रन की आतिशी पारी खेल क्रिस गेल के एक खास क्लब में जगह बना ली। नबी 40 साल की उम्र का पड़ाव पार करने के बाद पुरुष टी20 इंटरनेशनल में अर्धशतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज (फुल मेंबर) बने। उनसे पहले गेल और पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने यह कारनामा किया था। अब नबी भी उनके क्लब में शामिल हो गए हैं।

 

नबी ने अपनी तूफानी पारी के दौरान 20 गेंद में फिफ्टी पूरी की। उन्होंने अफगानिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में अजमतुल्लाह ओमरजई की बराबरी की। ओमरजई ने इसी एशिया कप में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ 20 गेंद में पचासा जड़ा था।

 

यह भी पढ़ें: रमीज राजा ने एंडी पायक्रॉफ्ट को बताया भारत का फेवरेट, सच्चाई क्या है?

'करो या मरो' वाले मुकाबले में नबी का रौद्र रूप

अफगानिस्तान के लिए यह 'करो या मरो' वाला मुकाबला था। उसे सुपर-4 में पहुंचने के लिए हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ जीत जरूरी थी। अफगानिस्तान ने इस अहम मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। अफगान टीम ने 79 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से नबी ने कप्तान राशिद खान (24) के साथ मिलकर टीम को 100 के पार पहुंचाया। इसके बाद आखिरी ओवरों में आतिशी बल्लेबाजी कर वह अफगानिस्तान को 169/8 के मजबूत स्कोर तक लेकर गए। खबर लिखे जाने तक रन चेज में श्रीलंका स्कोर 15 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 122 रन था। उसे जीत के लिए आखिरी 30 गेंद में 48 रन चाहिए थे।

40 की उम्र के बाद पुरुष टी20 इंटरनेशनल में 50 प्लस स्कोर

  • 41 साल 294 दिन - क्रिस गेल (67) बनाम ऑस्ट्रेलिया, ग्रॉस आइलेट, 2021
  • 40 साल 260 दिन - मोहम्मद नबी (60) बनाम श्रीलंका, अबू धाबी, 2025
  • 40 साल 64 दिन - मोहम्मद हफीज (99*) बनाम न्यूजीलैंड, हैमिल्टन, 2020

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap