इंग्लैंड दौरे पर भारतीय कप्तान शुभमन गिल के बल्ले से रन बरस रहे हैं। शुभमन ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के तहत खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले दो मुकाबले में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 147 रन जड़े थे। दूसरी पारी में वह 8 रन ही बना सके।
शुभमन ने एजबेस्टन में यह गलती नहीं दोहराई। उन्होंने बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पहली इनिंग्स में 269 रन की मैराथन पारी खेलने के बाद दूसरी इंनिंग्स में ताबड़तोड़ 161 रन ठोके। शुभमन 2 टेस्ट में ही 585 रन बना चुके हैं। अभी सीरीज के 3 मैच बाकी हैं। ऐसे में फैंस के जेहन में ये आ रहा होगा कि क्या वह एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे?
यह भी पढ़ें: डबल सेंचुरी के बाद शतक, शुभमन गिल ने गावस्कर के क्लब में ली एंट्री
वर्ल्ड रिकॉर्ड से कितने दूर हैं शुभमन?
शुभमन वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे या नहीं, यह तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन वह कितने दूर खड़े हैं, इससे हम आपको रूबरू करवाते हैं।
किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाना का रिकॉर्ड महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के नाम है। उन्होंने 1930 एशेज सीरीज के दौरान 5 टेस्ट मैचों की 7 पारियों में 139.14 की औसत से 974 रन बटोरे थे। ब्रैडमैन ने यह कारनामा इंग्लैंड की ही सरजमीं पर किया था। शुभमन उनके रिकॉर्ड से 385 रन दूर हैं।
भारतीय कप्तान को अगर कोई फिटनेस की समस्या नहीं होती है और वह मौजूदा सीरीज के बाकी बचे 3 टेस्ट मैचों में उतरते हैं तो इतने रन उनकी पहुंच से ज्यादा दूर नहीं लग रही है। बशर्ते वह अपना फॉर्म नहीं खोएं। शुभमन अगर ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ने से (50-100 रन से) चूकते भी हैं तो एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप-10 में जरूर शामिल हो जाएंगे। अभी इस लिस्ट में कोई भारतीय बल्लेबाज नहीं हैं।
किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
- 974 - डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, 1930 (5 टेस्ट, 7 पारियां)
- 905 - वॉली हेमंड (इंग्लैंड) बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1928/29 (5 टेस्ट, 9 पारियां)
- 839 - मार्क टेलर (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, 1989 (6 टेस्ट, 11 पारियां)
- 834 - नील हार्वे (ऑस्ट्रेलिया) बनाम साउथ अफ्रीका, 1952/53 (5 टेस्ट, 9 पारियां)
- 829 - विव रिचर्ड्स (वेस्टइंडीज) बनाम इंग्लैंड, 1976 (4 टेस्ट, 7 पारियां)
- 827 - क्लाइड वॉलकॉट (वेस्टइंडीज) बनाम ऑस्ट्रेलिया, 1955 (5 टेस्ट, 10 पारियां)
- 824 - गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज) बनाम पाकिस्तान, 1957/58 (5 टेस्ट, 8 पारियां)
- 810 - डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) बनाम इंग्लैंड, 1936/37 (5 टेस्ट, 9 पारियां)
- 806 - डॉन ब्रैडमैन (ऑस्ट्रेलिया) बनाम साउथ अफ्रीका, 1931/32 (5 टेस्ट, 5 पारियां)
- 798 - ब्रायन लारा (वेस्टइंडीज) बनाम इंग्लैंड, 1993/94 (5 टेस्ट, 8 पारियां)
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल ने रचा इतिहास, कप्तान बनते ही हासिल की बड़ी उपलब्धि

भारतीय रिकॉर्ड क्या है?
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर के नाम दर्ज है। 1970-71 वेस्टइंडीज दौरे उनके बल्ले से 774 रन निकले थे। उन्हें पीछे छोड़ने के लिए शुभमन को 190 रन की जरूरत है।
आपको ये जानकर हैरानी होगी कि वह सुनील गावस्कर की डेब्यू टेस्ट सीरीज थी और उन्होंने रनों का अंबार लगा दिया था। गावस्कर के सामने वेस्टइंडीज की खौफनाक पेस चौकड़ी थी, जिसका उन्होंने डटकर मुकाबला किया था और भारत को 1-0 से ऐतिहासिक सीरीज जीत दिलाई थी।
इंग्लैंड में किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ हैं। उन्होंने 2002 के इंग्लैंड दौरे पर 602 रन बनाए थे। गिल इस रिकॉर्ड से महज 17 रन दूर हैं।
टीम इंडिया के लिए किसी एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन
- 774 - सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, 1970/71 (4 टेस्ट, 8 पारियां)
- 732 - सुनील गावस्कर बनाम वेस्टइंडीज, 1978/79 (6 टेस्ट, 9 पारियां)
- 712 - यशस्वी जायसवाल बनाम इंग्लैंड, 2024 (5 टेस्ट, 9 पारियां)
- 692 - विराट कोहली बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2014/15 (4 टेस्ट, 8 पारियां)
- 655 - विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2016 (5 टेस्ट, 8 पारियां)
- 642 - दिलीप सरदेसाई बनाम वेस्टइंडीज, 1970/71 (5 टेस्ट, 8 पारियां)
- 619 - राहुल द्रविड़ बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2003/04 (4 टेस्ट, 8 पारियां)
- 610 - विराट कोहली बनाम श्रीलंका, 2017 (3 टेस्ट, 5 पारियां)
- 602 - राहुल द्रविड़ बनाम इंग्लैंड, 2002 (4 टेस्ट, 6 पारियां)
- 598 - मोहिंदर अमरनाथ बनाम वेस्टइंडीज, 1982/83 (5 टेस्ट, 9 पारियां)
- 593 - विराट कोहली बनाम इंग्लैंड, 2018 (5 टेस्ट, 10 पारियां)
- 586 - विजय मांजरेकर बनाम इंग्लैंड, 1961/62 (5 टेस्ट, 8 पारियां)
- 585 - शुभमन गिल बनाम इंग्लैंड, 2025 (2 टेस्ट, 4 पारियां)*