महेंद्र सिंह धोनी के IPL से रिटायरमेंट की चर्चा पिछले कई सालों से जारी है। हर बार अटकलें लगाई जाती हैं कि धोनी अब रिटायर हो जाएंगे लेकिन वह सबको चौंकाते हुए एक और आईपीएल सीजन खेल जाते हैं। 2019 में आखिरी इंटनरेशनल मुकाबला खेलने वाले धोनी ने IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कप्तानी भी की। ऋतुराज गायकवाड़ की गैरमौजूदगी में उन्होंने CSK की अगुवाई की। हालांकि उनका मैजिक टीम के काम नहीं आया और वह आईपीएल इतिहास में पहली बार पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही।
पिछले महीने ही 44 साल के हुए धोनी के आईपीएल 2026 में खेलने की संभावना कम नजर आ रही है। एक इवेंट के दौरान उन्होंने कहा कि वह दिसंबर के बाद कोई फैसला लेंगे। धोनी ने कहा, 'मैं नहीं जानता कि मैं खेलूंगा या नहीं। मेरे पास फैसला लेने के लिए अभी समय है। दिसंबर के बाद ही मैं कुछ फैसला ले पाऊंगा।' इस बीच एक फैन ने उनसे गुजारिश की कि सर आप 2026 सीजन खेलिए। इसके जवाब में धोनी ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'यार मेरे घुटने में जो दर्द होता है उसका ख्याल कौन करेगा।' धोनी के इतना कहते ही इवेंट में मौजूद सभी लोग हंसने लगे।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल की लगी लॉटरी, एशिया कप में बड़ी जिम्मेदारी देगा BCCI
2023 में कराई थी घुटने की सर्जरी
महेंद्र सिंह धोने ने आईपीएल 2023 में CSK को रिकॉर्ड पांचवीं बार खिताब दिलाने के बाद अपने घुटने की सर्जरी करवाई थी। धोनी ने वह पूरा सीजन दर्द में खेला था। फाइनल के तुरंत बाद मुंबई में उनके घुटने का ऑपरेशन हुआ। हालांकि इसके बाद भी वह घुटने के दर्द से जूझते रहे हैं। धोनी रन भागते समय और कीपिंग के दौरान असहज दिखते हैं।
यह भी पढ़ें: 3 बातें बता रही हैं कि वनडे वर्ल्ड कप खेलने लायक नहीं बचे कोहली-रोहित!
इस असर उनके बैटिंग ऑर्डर पर भी पड़ा है। इस सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में तो वह 9वें नंबर पर उतरे थे, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी। लोगों का कहना है कि धोने के इतना नीचे बैटिंग करने आने से टीम का कोई फायदा नहीं हो रहा है। उन्हें या तो नंबर 5 या छठे नंबर पर उतरना चाहिए या फिर उनकी जगह किसी युवा को मौका देना चाहिए। हालांकि धोनी का अनुभव CSK के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसीलिए उनके फैंस चाहते हैं कि वह एक और सीजन खेलें।