भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा शुक्रवार (23 मई) को पोलैंड के चोरजोव में ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल कम्पटीशन में 85 मीटर की दूरी भी नहीं हासिल कर सके। उनका बेस्ट थ्रो 84.14 मीटर का रहा। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। नीरज इस इवेंट में अपनी सर्वश्रेष्ठ लय में नहीं दिखे। उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में 84.14 मीटर का थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले वह तीसरे स्थान पर थे।
नीरज पिछले साल भुवनेश्वर में हुए फेडरेशन कप के बाद पहली बार किसी इवेंट में 85 मीटर का थ्रो करने में विफल रहे। उन्होंने फेडरेशन कप में 82.27 मीटर की दूरी के साथ गोल्ड मेडल जीता था।
यह भी पढ़ें: कोहली-रोहित के 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने पर हेड कोच गंभीर ने क्या कहा?
वेबर ने नीरज को फिर पछाड़ा
16 मई को दोहा डायमंड लीग में नीरज को पछाड़ने वाले जर्मनी के जूलियन वेबर ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया। वेबर ने अपने दूसरे प्रयास में 86.12 का थ्रो किया। यह उनका बेस्ट थ्रो रहा, जिससे वह एक बार फिर नीरज से आगे रहे। इन दोनों खिलाड़ियों ने दोहा में 90 मीटर से अधिक दूरी तक भाले को फेंका था। दो बार के वर्ल्ड चैंपियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 83.24 मीटर के अपने बेस्ट थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह दोहा में भी तीसरे स्थान पर रहे थे। दोहा की तरह ये तीनों खिलाड़ी पोलैंड के चोरजोव में भी टॉप-3 में रहे। बस अंतर यह था कि दिन की शुरुआत में सिलेसियन स्टेडियम में बारिश के बाद बादल छाए रहने की मुश्किल परिस्थिति में तीनों ही अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे।
इस कम्पटीशन में सिर्फ वेबर ही 85 मीटर से अधिक दूरी हासिल कर सके। उन्होंने दूसरे प्रयास में 86.12 मीटर का थ्रो करने के बाद पांचवें और छठे प्रयास में क्रमश: 85.03 और 85.11 मीटर की दूरी तय की। मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन नीरज निराश होंगे क्योंकि 2021 में टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतने के बाद से सिर्फ पांच बार किसी इवेंट में उनका बेस्ट थ्रो 85 मीटर से कम का रहा था।
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा के 90 मीटर पार करने पर बोले अरशद नदीम - मेरा लक्ष्य 100m
नीरज को लेनी पड़ी कोच से सलाह
डबल ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज ने फाउल से शुरुआत की और फिर अपने दूसरे प्रयास में 81.28 दूर भाला फेंका। लेकिन उन्हें बड़ा थ्रो करने में संघर्ष करना पड़ा और उन्हें अपने कोच जेन जेलेजनी से सलाह लेते हुए भी देखा गया। जैवलिन थ्रो इतिहास के सबसे महान खिलाड़ी जेलेजनी ने स्टैंड से नीरज से बात की। नीरज का तीसरा और चौथा थ्रो फाउल रहा। उन्होंने पांचवें प्रयास में 81.80 मीटर की दूरी तय की। इसके बाद नीरज ने छठे और आखिरी प्रयास में इस कम्पटीशन में अपना बेस्ट थ्रो किया सिल्वर मेडल जीता।
(PTI इनपुट के साथ)