न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के रासी वान दर दुसें ने अर्धशतक ठोक दिया है। टूर्नामेंट में उनका यह लगातार तीसरा पचासा है। इससे पहले उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 52 और इंग्लैंड के सामने 72 रन की पारी खेली थी। चैंपियंस ट्रॉफी से पहले उन पर सवालिया निशान थे लेकिन दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सही समय पर फॉर्म में वापसी की है।
दुसें को पसंद है न्यूजीलैंड
36 साल के रासी वान दर दुसें ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने तीनों वनडे मैच आईसीसी इवेंट में खेले हैं और हर बार कम से कम 50 रन के आंकड़े को पार किया है। दुसें ने 2023 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 118 गेंद में 133 रन की पारी खेली थी। वहीं 2019 वर्ल्ड कप में उन्होंने कीवी टीम के खिलाफ 64 गेंद में नाबाद 67 रन की पारी खेली थी।
यह भी पढ़ें: केन विलियमसन ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने
साउथ अफ्रीका के सामने है विशाल टारगेट
मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया। रचिन रवींद्र (108) और केन विलियमसन (102) की शतकीय पारियों के बाद डैरिल मिचेल (49) और ग्लेन फिलिप्स (49) की आतिशी बल्लेबाजी से कीवी टीम ने स्कोर बोर्ड पर 362 रन टांग दिए। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने ठोस शुरुआत की है।
खबर लिखे जाने तक प्रोटियाज टीम ने 26 ओवर की समाप्ति पर 2 विकेट के नुकसान पर 157 रन बना लिए हैं। रासा वान दुर दुसें 69 रन बनाकर खेल रहे हैं। एडन मारक्रम (15) उनका बखूबी साथ दे रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
साउथ अफ्रीका - रायन रिकलटन, टेम्बा बावुमा (कप्तान), रासी वान दर दुसें, एडन मारक्रम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वियान मुल्डर, मार्को यानसन, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगि एनगिडी
न्यूजीलैंड - विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डैरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), काइल जेमिएसन, मैट हेनरी, विल ओरूर्क