प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 12वें सीजन का ऑक्शन मुंबई में जारी है। इस दो दिवसीय ऑक्शन के पहले दिन खिलाड़ियों पर पैसों की बरसात देखने को मिल रही है। मोहम्मदरेजा शादलू को 2 करोड़ 23 लाख रुपए में गुजरात जायंट्स ने खरीदा है। शादलू ने पिछले सीजन हरियाणा स्टीलर्स को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। पीकेएल 11 के सबसे बड़े स्टार देवांक दलाल के लिए भी बड़ी बोली लगी।
22 साल के देवांक को बंगाल वॉरियर्स ने 2 करोड़ 20 लाख 50 हजार रुपए में खरीदा। देवांक के लिए पिछला सीजन अद्भुत रहा था। पटना पाइरेट्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 301 रेड पॉइंट्स बनाए थे। देवांक किसी एक सीजन में 300 प्लस रेड पॉइंट्स हासिल करने वाले पहले रेडर हैं। हरियाणा के रोहतक से आने वाले इस खिलाड़ी की बदौलत ही पटना पाइरेट्स फाइनल तक का सफर तय कर पाई थी।
यह भी पढ़ें: शादलू पर गुजरात जायंट्स ने क्यों खेला इतना बड़ा दांव?
पवन सहरावत की बदली टीम
दिग्गज रेडर पवन सहरावत पीकेएल 12 में तमिल थलाइवाज के लिए खेलते दिखेंगे। पीकेएल इतिहास के सबसे महंगे प्लेयर रहे पवन सहरावत पर इस बार बड़ी बोली नहीं लगी। उन्हें थलाइवाज ने 59.5 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। पवन सहरावत को पीकेएल 10 ऑक्शन में तेलुगु टाइटंस ने 2 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए में खरीदा था। वहीं पिछले सीजन के लिए टाइटंस ने फाइनल बिड मैच (FBM) कार्ड का इस्तेमाल कर उन्हें 1 करोड़ 72 लाख 50 हजार रुपए में फिर से अपनी टीम से जोड़ा।
यह भी पढ़ें: PKL 2025 ऑक्शन की कहां होगी लाइव स्ट्रीमिंग, क्या हैं नियम? सब जानिए
दबंग दिल्ली में ही रहेंगे आशु मलिक
थलाइवाज ने पवन सहरावत के अलावा अर्जुन देशवाल को भी खरीद लिया है। इस फ्रैंचाइजी ने अर्जुन के लिए 1 करोड़ 40 लाख 50 हजार रुपए की बोली लगाई। इससे पहले अर्जुन जयपुर पिंक पैथर्स के लिए खेल रहे थे। दबंग दिल्ली ने आशु मलिक के लिए FBM कार्ड का इस्तेमाल कर अपनी टीम में बनाए रखा। आशु मलिक के लिए उसने 1 करोड़ 90 लाख रुपए खर्च किए।