संजू सैमसन के बाद अब रविचंद्रन अश्विन भी अपनी IPL फ्रेंचाइजी छोड़ना चाहते हैं। सैमसन ने IPL 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से अलग होने का फैसला कर लिया है। इसके एक दिन बाद ही अब खबरें आ रही हैं कि अश्विन ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) मैनेजमेंट से कहा है कि उन्हें रिलीज कर दिया जाए। अश्विन CSK से क्यों अलग होना चाहते हैं इसकी वजह तो सामने नहीं आई है लेकिन समझा रहा है कि उन्होंने ऑक्शन में जाने का मन बनाया है।
दिग्गज ऑफ स्पिनर अश्विन को CSK ने पिछले साल के मेगा ऑक्शन में 9.75 करोड़ रुपए में खरीदा था। वह 10 साल के लंबे अतराल के बाद CSK की टीम में लौटे थे। हालांकि उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। अश्विन को 14 में से सिर्फ 9 मैच ही खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 7 विकेट लिए। इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.12 की रही।
यह भी पढ़ें: द हंड्रेड टूर्नामेंट का नियम क्या है, IPL से कितनी अलग है यह लीग?
धोनी-ऋतुराज की मीटिंग के बाद लिया फैसला?
चेन्नई सुपर किंग्स को IPL 2025 में 14 मैचों में से 10 में हार का सामना करना पड़ा था और पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले पायदान पर रही। आईपीएल इतिहास में CSK ने पहली बार अंतिम स्थान पर फिनिश किया। टीम ने सीजन के अपने आखिरी कुछ मैचों में युवा खिलाड़ियों को आजमाया। इसके बाद से ही आहट आने लगी थी CSK अब अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए युवाओं की ओर देख रही है।
हाल ही में चेन्नई शहर में महेंद्र सिंह धोनी और ऋतुराज गायकवाड़ नजर आए थे। उन्होंने CSK के टॉप ऑफिशियल्स के साथ भी मुलाकात की। इसकी पूरी संभावना है कि फ्रेंचाइजी के फ्यूचर प्लान को लेकर चर्चा हुई होगी। एक तरह से देखा जा रहा है कि इन हलचलों के बाद ही अश्विन ने फ्रेंचाइजी से रिलीज होने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी क्रिकेटर हैदर अली रेप केस में गिरफ्तार, PCB ने किया सस्पेंड
अश्विन को ऑक्शन में वापस खरीदेगी CSK?
अश्विन 2015 तक CSK के ट्रंप कार्ड थे। इसके बाद वह राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले। पिछले सीजन जिस उत्साह के साथ अश्विन की CSK में वापसी हुई थी, उसे देखते हुए उनके फ्रेंचाइजी से जाने का फैसला हैरान कर रहा है। एक मास्टर स्ट्रोक ये भी हो सकता है कि ऑक्शन से पहले अश्विन का रिलीज होना CSK के पर्स में इजाफा करेगा, जिससे वह ट्रेड विंडो का फायदा उठाएगी। इसके बाद CSK ऑक्शन में अश्विन को वापस खरीद सकती है। बता दें कि अश्विन अगर रिलीज किए जाते हैं और दूसरी फ्रेंचाइजी से जुड़ते हैं तो उन्हें CSK एकेडमी के डायरेक्टर ऑफ ऑपरेशन का पद छोड़ना होगा। अश्विन को पिछले साल ही इस पद की जिम्मेदारी दी गई थी।