• NEW DELHI 31 Aug 2025, (अपडेटेड 31 Aug 2025, 5:44 PM IST)
राहुल द्रविड़ के हेड कोच पद से अचानक इस्तीफे की वजह राजस्थान रॉयल्स के बीच चल रही अंदरूनी कलह बताई जा रही है। फ्रेंचाइजी में कप्तानी को लेकर अलग-अलग राय है, जिसके बाद द्रविड़ ने अपना फैसला सुनाया।
राहुल द्रविड़। (Photo Credit: PTI)
राहुल द्रविड़ ने शनिवार (30 अगस्त) को राजस्थान रॉयल्स (RR) के हेड कोच पद से अचानक इस्तीफा दे दिया। फ्रेंचाइजी नेबयान जारी कर बताया कि द्रविड़ इंडियन प्रीमियरलीग (IPL) 2026 से पहले अपना कार्यकाल समाप्त कर लेंगे। आईपीएल 2025 में 9वें स्थान पर रहने के बाद से राजस्थान रॉयल्स में उथल-पुथल मचा हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कप्तान संजूसैमसन खुद को रिलीज करने के लिए कह चुके हैं। अब द्रविड़ के इस्तीफे से अटकलें तेज हो गई हैं कि राजस्थान रॉयल्स में सब कुछ ठीक नहीं है।
फेलरहा था द्रविड़ का प्लान
राहुल द्रविड़ की कोचिंग में पिछले साल भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप चैंपियन बनी थी। टीम इंडिया की खिताबी जीत के साथ ही द्रविड़ का कार्यकाल भी खत्म हो गया। इसके बाद वह मल्टी-ईयरकॉन्ट्रैक्ट पर राजस्थान रॉयल्स से जुड़े। द्रविड़ इस फ्रेंचाइजी के लिए तीन IPL सीजन (2011-13) खेल चुके हैं। उन्होंने 2012 और 2013 में टीम की कमान भी संभाली थी। इसके बाद वह 2014 और 2015 में टीम डायरेक्टर और मेंटोर भी रहे।
पिछले साल राजस्थान रॉयल्स से दोबारा जुड़ने के बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी के रिटेंशन और ऑक्शनस्ट्रेटजी बनाया। राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2025 मेगाऑक्शन से पहले संजूसैमसन, रियान पराग, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और शिमरोनहेटमायर को रिटेन किया था। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन में जोफ्राआर्चर, तुषार देशपांडे और वानिंदुहसरंगा पर बड़ी राशि खर्च की। वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ी पर भी दांव लगाया।
ऑक्शन के बाद कागज पर राजस्थान रॉयल्स की टीम मजबूत नहीं दिख रही थी। मैदान पर भी टीम का प्रदर्शन वैसा ही रहा। वह 14 में से 4 मैच ही जीत पाई। राजस्थान रॉयल्स ने कई करीबी मैच गंवाए, जिसके बाद टीम की रणनीति पर सवाल उठे। ध्रुव जुरेल और हेटमायर लगातार मैच फिनिश करने में नाकाम रहे। रिटेंशन के समय जोसबटलर जैसे खिलाड़ी के ऊपर जुरेल और हेटमायर को तरजीह दिए जाने से द्रविड़ के प्लान पर भी सवाल उठाए गए थे।
राहुल द्रविड़ के इस्तीफे पर राजस्थान रॉयल्स का स्टेटमेंट।
अंदरूनी कलह बनी द्रविड़ के इस्तीफे की वजह?
राजस्थान रॉयल्स ने अपने बयान में जिक्र नहीं किया कि द्रविड़ क्यों इस्तीफा दे रहे हैं। उसने कहा कि द्रविड़ को बड़ा पद ऑफर किया गया था लेकिन उन्होंने स्वीकार नहीं किया। समझा जा रहा है कि उन्हें हेड कोच की भूमिका से हटाकर यह पद सौंपा जा रहा था। खबरों के मुताबिक, आईपीएल 2025 में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद द्रविड़ के लिए एक तरह से यह सजा जैसा था, जिसके चलते उन्होंने फ्रेंचाइजी से नाता तोड़ लिया।
क्रिकबज ने रिपोर्ट किया है कि फ्रेंचाइजी में कप्तान को लेकर भी अलग-अलग राय चल रही है। एक ग्रुप रियान पराग को अगले कप्तान के रूप में देख रहा है, जबकि दूसरा ग्रुप यशस्वी जायसवाल को फ्यूचर लीडर के तौर पर मान रहा है। तीसरे ग्रुप का कहना है कि संजूसैमसन ही कप्तानी के सही विकल्प हैं। माना जा रहा है कि द्रविड़ के इस्तीफे का बड़ा कारण फ्रेंचाइजी में चल रही लीडरशिप गुटबाजी भी है।
राजस्थान रॉयल्स के रेगुलर कप्तान संजूसैमसन चोट की वजह से पिछले आईपीएल सीजन में ज्यादातर मैचों से बाहर रहे थे। उनकी गैरमौजूदगी में रियान पराग को कप्तान बनाया। रियान पराग टीम की अगुवाई करते हुए जीत दिलाने में नाकाम रहे। उनके कई फैसले भी टीम के हित में नहीं गए। कप्तानी के दबाव का असर रियान के प्रदर्शन पर भी पड़ा। उन्होंने आईपीएल 2024 में 16 मैचों में 573 रन जड़े थे, जबकि पिछले सीजन वह 14 मैचों में 393 रन ही बना पाए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, द्रविड़ उन्हें कप्तानी दिए जाने के पक्ष में नहीं थे। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान का मानना था कि संजू की अनुपस्थिति में यशस्वी सही विकल्प हैं, क्योंकि वह फ्यूचर में टीम की अगुवाई करने की काबिलियत रखते हैं। मगर द्रविड़ की बात नहीं सुनी गई। नॉर्थ-ईस्ट में रियान पराग की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें टीम की कमान सौंप दी गई। रियान असम से आते हैं। असम के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी में स्थित बारासपारा स्टेडियम को राजस्थान रॉयल्स ने अपना दूसरा होम ग्राउंड चुना हुआ है। आईपीएल 2025 के दौरान रिपोर्ट्स आई थीं कि फ्रेंचाइजी के गुवाहाटी में खेलने के फैसले से द्रविड़ खुश नहीं थे।