logo

ट्रेंडिंग:

रणजी ट्रॉफी में लगेगा सितारों का मेला, जानें कौन, कहां खेलेगा

कल से रणजी ट्रॉफी का छठा राउंड शुरू हो रहा है। बीसीसीआई के नए नियम के बाद भारतीय टेस्ट टीम के सीनियर खिलाड़ी अब रणजी के रण में उतरने वाले हैं।

Rohit Sharma Yashasvi Jaiswal

यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा। (Photo Credit: BCCI/X)

न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मिली हार के बाद बीसीसीआई ने कड़े कदम उठाए हैं। बोर्ड ने 11 जनवरी को हुई रिव्यू मीटिंग के बाद गाइडलाइन जारी करते हुए कहा कि अब से सभी खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट खेलना होगा। अगर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट वाले प्लेयर्स किसी कारणवश घरेलू क्रिकेट के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं तो इसकी जानकारी बीसीसीआई को देनी होगी। साथ ही सेलेक्शन कमिटी के चेयरमैन से अनुमति लेनी होगी। इसके अलावा टीम इंडिया के सेलेक्शन का पैमाना घरेलू क्रिकेट का प्रदर्शन कर दिया गया है। बीसीसीआई की सख्ती के बाद अब कई स्टार खिलाड़ी कल (23 जनवरी) से शुरू हो रहे रणजी ट्रॉफी के छठे राउंड में दिखने वाले हैं। आइए जानते हैं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारतीय टीम का हिस्सा रहे प्लेयर्स कहां खेलने वाले हैं। 

 

मुंबई में रोहित-यशस्वी, बेंगलुरु में गिल


रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल मुंबई के बीकेसी ग्राउंड में जम्मू-कश्मीर के खिलाफ उतरेंगे। रोहित और यशस्वी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इस मुकाबले में मुंबई की ओर से अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर और शार्दुल ठाकुर भी खेलेंगे। वहीं चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के उप-कप्तान बनाए गए शुभमन गिल पंजाब की ओर से कर्नाटक के खिलाफ उतरेंगे। पंजाब और कर्नाटक का मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। कर्नाटक के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और देवदत्त पडिक्कल खेलेंगे।  

 

राजकोट में पंत और जडेजा होंगे आमने-सामने

 

दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने खुद को उपलब्ध बताया है। पंत राजकोट में सौरष्ट्र के खिलाफ मुकाबले में उतरेंगे। पंत के सामने रवींद्र जडेजा होंगे। वहीं भारतीय टीम से बाहर चल रहे चेतेश्वर पुजारा भी जोर लगाते नजर आएंगे। दिल्ली और सौराष्ट्र के लिए करो या मरो वाली स्थिति है। ऐसे में मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है। विराट कोहली इस मैच से बाहर हैं। गर्दन में आई मोच के कारण वह दिल्ली की ओर से नहीं खेल पाएंगे। कोहली रेलवे के खिलाफ 30 जनवरी से शुरू हो रहे मुकाबले में दिखेंगे। 

 

सिराज को आराम

 

मोहम्मद सिराज हैदराबाद के स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं। सिराज को हाल ही में चैंपियंस ट्रॉफी और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में नहीं चुना गया था। उन्हें आराम दिया गया है। सिराज ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर सभी 5 टेस्ट मैच खेले थे। आकाश दीप और अभिमन्यू ईश्वरन भी बंगाल के लिए मैदान पर नहीं उतर पाएंगे। दोनों खिलाड़ी चोटिल हैं। 

 

रणजी ट्रॉफी के छठे राउंड के मैच:

  • असम बनाम रेलवे, गुवाहाटी
  • त्रिपुरा बनाम सर्विसेज, अगरतला
  • बंगाल बनाम हरियाणा, कल्याणी
  • बिहार बनाम यूपी, पटना
  • तमिलनाडु बनाम चंडीगंढ़, सलेम
  • महाराष्ट्र बनाम बड़ौदा, नासिक
  • मुंबई बनाम जम्मू-कश्मीर, मुंबई
  • मेघालय बनाम ओडिशा, शिलॉन्ग
  • गुजरात बनाम उत्तराखंड, अहमदाबाद
  • हैदराबाद बनाम हिमाचल प्रदेश, हैदराबाद
  • पुडुचेरी बनाम आंध्र, पुडुचेरी
  • राजस्थान बनाम विदर्भ, जयपुर
  • कर्नाटक बनाम पंजाब, बेंगलुरु
  • केरल बनाम मध्य प्रदेश, तिरुवनंतपुरम
  • झारखंड बनाम छत्तिसगढ़, जमशेदपुर
  • सौराष्ट्र बनाम दिल्ली, राजकोट

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap