logo

ट्रेंडिंग:

गौतम गंभीर के फैन यश राठौड़ ने रणजी सेमीफाइनल में मुंबई को सिखाया सबक

विदर्भ के यश राठौड़ ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में कोहराम मचाया हुआ है। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सेमीफाइनल में शतक ठोककर मुंबई को हार की ओर धकेल दिया है।

Yash Rathod

मुंबई के खिलाफ शतक लगाने के बाद सेलिब्रेट करते यश राठौड़। (Photo Credit: PTI)

रणजी ट्रॉफी 2024-25 सीजन का दूसरा सेमीफाइनल विदर्भ और मुंबई के बीच नागपुर में खेला जा रहा है। तीन दिन के खेल में विदर्भ ने मुकाबले पर शिकंजा कस लिया है। 406 रन का मुश्किल टारगेट सेट करने के बाद मेजबान टीम ने मुंबई के 3 विकेट सस्ते में निकाल दिए। तीसरे दिन (20 फरवरी) का खेल खत्म होने तक मुंबई का स्कोर 83/3 है। विकेटकीपर आकाश आनंद (27) और शिवम दुबे (12) नाबाद बल्लेबाज हैं। 

 

मुंबई को फाइनल में जगह बनाने के लिए मुकाबले के आखिरी दिन 323 रन की जरूरत है। दूसरी ओर विदर्भ को 7 विकेट चाहिए। अगर मैच ड्रॉ भी हो जाता है तो विदर्भ की टीम पहली पारी के आधार पर खिताबी मुकाबले में पहुंच जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: चैंपियंस ट्रॉफी में अपनी टीम की बल्लेबाजी युनिट की जान हैं ये 5 विकेटकीपर

 

पिछले साल की हार का बदला होगा पूरा!

 

पिछले रणजी सीजन का फाइनल इन्हीं दोनों टीमों के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया था। 14 मार्च 2024 को मुंबई ने अपने घरेलू मैदान पर विदर्भ को 169 रन से हराकर रिकॉर्ड 42वीं बार रणजी खिताब अपने नाम किया। अब विदर्भ की टीम अपने घर में मुंबई से इस हार का बदला पूरा करने जा रही है। 

 

चौथी बार रणजी फाइनल में पहुंचने की दहलीज पर खड़ी विदर्भ को यहां तक लाने में बाएं हाथ के बल्लेबाज यश राठौड़ की अहम भूमिका है। 24 साल के यश का बल्ला इस रणजी सीजन में आग उगल रहा है। 

 

उन्होंने मुंबई के खिलाफ सेमीफाइनल मैच की पहली पारी में जुझारू अर्धशतक जड़ा था। वहीं दूसरी पारी में यश ने 52/3 के स्कोर पर क्रीज पर आने के बाद 151 रन ठोक दिए, जिससे विदर्भ ने मुंबई को विशाल लक्ष्य दिया है। इस यादगार शतक साथ यश ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में 900 रन भी पूरे किए। उन्होंने अब तक 16 पारियों में 58.31 की औसत से 933 रन बनाए हैं। सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में यश टॉप-3 में पहुंच गए हैं।

 

विदर्भ के संकटमोचक हैं यश राठौड़

 

यश राठोड़ ने इस रणजी सीजन में विदर्भ को कई बार मुसीबत से निकाला है। उन्होंने पुडुचेरी के खिलाफ 4/3 और उत्तराखंड के खिलाफ 64/3 के स्कोर पर कदम रखने के बाद शतक जमाकर विदर्भ को अच्छी स्थिति में पहुंचाया। क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु के सामने विदर्भ ने अपनी दूसरी पारी में 61 रन पर 3 विकेट खो दिए थे। उनके पास 128 रन की अच्छी खासी बढ़त थी लेकिन यश के आउट होने पर उनकी मुश्किलें बढ़ सकती थी। हालांकि यश ने इसकी नौबत नहीं आने दी और बेहतरीन 112 रन बनाए।

 

गौतम गंभीर के तगड़े वाले फैन

 

यश राठौड़ ने 2022-23 रणजी सीजन में अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था। उन्होंने पहली पारी में 1 और दूसरी पारी में 19 रन बनाए थे। दूसरे मैच में भी वह कुछ खास नहीं कर सके। इसके बाद यश ने अगले सीजन यानी 2023-24 रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार वापसी की और 49 की औसत से 490 रन बटोरे। अब यश एक रणजी सीजन में हजार रन बनाने के करीब हैं।

 

वह गौतम गंभीर के बहुत तगड़े वाले फैन हैं। यश का कहना है कि गंभीर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ नेपियर टेस्ट में जो मैराथन पारी खेली थी, वह उसी तरह की पारी खेलना चाहते हैं। गंभीर ने साल 2009 में नेपियर टेस्ट में फॉलोऑन के लिए मजबूर हुई टीम इंडिया को हार से बचाया था। भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और मौजूदा हेड कोच गंभीर ने दूसरी पारी में 436 गेंद का सामना करते हुए 137 रन बनाए थे।

 

यह भी पढ़ें:  वो 5 खिलाड़ी जिन्होंने रणजी ट्रॉफी में केरल की बदल दी किस्मत

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap