logo

ट्रेंडिंग:

रिंकू और प्रिया की हुई सगाई, कौन-कौन मेहमान पहुंचा?

स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह ने रविवार को लखनऊ में सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई कर ली है। समारोह में अखिलेश यादव समेत कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं।

Rinku and Priya Saroj.

रिंकू और प्रिया सरोज की हुई सगाई। (Photo Credit: Social Media)

क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछलीशहर से सपा सांसद प्रिया सरोज की रविवार को सगाई हो गई। सगाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। इसमें प्रिया सरोज बेहद भावुक दिख रही हैं। खुशी से उनके आंसू छलक पड़ते हैं। रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई का कार्यक्रम लखनऊ के पांच सितारा होटल Centrum में आयोजित किया गया। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव के साथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि हम उन्हें (रिंकू और प्रिया) आशीर्वाद और बधाई देने आए हैं। रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी में सपा सांसद जया बच्चन, पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार, पीयूष चावला, आर्यन जुयाल और रामगोपाल यादव समेत कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं। 

 

समारोह में पहुंचे शिवपाल यादव ने भी दोनों को बधाई दी। बीसीसीआई उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि दोनों का वैवाहिक जीवन बहुत अच्छा रहेगा। दोनों अपने-अपने क्षेत्र में बहुत सफल हैं। अपनी बेटी की सगाई पर सपा विधायक तूफानी सरोज ने कहा कि मैं बेहद खुश हूं। रिंग सेरेमनी में लगभग 300 मेहमानों ने शिरकत की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रिंकू सिंह ने मुंबई और प्रिया सरोज ने कोलकाता से डिजाइन की गई रिंग मंगवाई थी। 

 

यह भी पढ़ें: इंडिया A की कसी हुई गेंदबाजी! इंग्लैंड लॉयंस ने बनाए 193 रन

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि राजनीति और क्रिकेट दो बहुत अलग-अलग चीज हैं, अगर दो लोग विचार और व्यवहार से समान होते हैं और इससे दोनों परिवार और समाज के लोग खुश होते हैं तो यह बहुत जरूरी चीज है। मैं दोनों परिवारों को बधाई देता हूं। सपा सांसद डिंपल यादव ने कहा कि दोनों बच्चों को आशीर्वाद दिया है। अब शादी का इंतजार है। सगाई समारोह में सांसद राजीव राय, जियाउर्रहमान बर्क, रामपुर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी भी पहुंचे।

पहली बार सांसद बनी प्रिया सरोज

प्रिया सरोज मछलीशहर लोकसभा सीट से सपा सांसद हैं। 2024 लोकसभा चुनाव में प्रिया ने भाजपा सांसद बीपी सरोज को 35 हजार से अधिक मतों से हराया था। पहली बार सांसद बनीं प्रिया मूलत: वाराणसी जिले के करखियांव गांव की रहने वाली हैं। प्रिया के पिता तूफानी सरोज तीन बार सांसद रह चुके हैं। मौजूदा समय में वे सपा से विधायक हैं। सगाई कार्यक्रम के बारे में तूफानी सरोज ने बताया कि समारोह में परिवार, दोस्त और रिश्तेदारों को ही बुलाया गया था। तूफानी बल्लेबाज रिंकू सिंह आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम से खेलते हैं। भारतीय टीम के लिए रिंकू सिंह 2 एक दिवसीय और 33 टी-20 मैच खेल चुके हैं। आईपीएल में उनकी तूफानी पारी के सभी मुरीद हैं। 

कैसे हुई रिंकू और प्रिया की मुलाकात?

रिंकू और प्रिया सरोज की मुलाकात एक दोस्त के जरिए हुई थी। दोनों एक-दूसरे को पिछले एक साल से जानते हैं। प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने खुलासा किया था कि रिंकू और प्रिया एक-दूसरे को एक साल से अधिक समय से जानते हैं। एक-दूसरे को पसंद भी करते थे। मगर रिश्ते की खातिर परिवार की मंजूरी जरूरी थी। दोनों परिवार शादी पर सहमति जता चुके हैं। 

 

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap