भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में हर दिन कोई न कोई खिलाड़ी रिकॉर्ड बना रहा है। पहले दो टेस्ट मैचों में शुभमन गिल और जेमी स्मिथ ने रिकॉर्ड की बारिश की तो अब लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट में ऋषभ पंत ने कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम कर लिए हैं।
भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 74 रन जड़े। वह मुकाबले के तीसरे दिन (7 जुलाई) लंच से ठीक पहले बेन स्टोक्स के डायरेक्ट थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे। पंत ने अपनी पारी में 8 चौके और 2 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में वेस्टइडीज के दिग्गज विव रिचर्ड्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: केएल राहुल ने लॉर्ड्स टेस्ट में रचा इतिहास, सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा
रिचर्ड्स का रिकॉर्ड ध्वस्त
उंगली की चोट से जूझ रहे ऋषभ पंत के खिलाफ इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने शॉर्ट बॉल की रणनीति अपनाई हुई थी। स्टोक्स ने भारतीय पारी के 59वें ओवर की आखिरी गेंद छोटी डाली, जिसे पंत ने लॉन्ग लेग के ऊपर से छक्के के लिए भेज दिया। इस शॉट के साथ पंत ने अपना अर्धशतक पूरा किया। साथ ही उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में अपने छक्कों की संख्या 35 पहुंचा दी और विव रिचर्ड्स को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने इंग्लिश टीम के खिलाफ 34 सिक्स लगाए थे। पंत ने इसके बाद शोएब बशीर को डाउन द ग्राउंड छ्क्का लगाया।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
- ऋषभ पंत - 36 छक्के
- विव रिचर्ड्स - 34 छक्के
- टिम साउदी - 30 छक्के
- यशस्वी जायसवाल - 27 छक्के
- शुभमन गिल - 26
यह भी पढ़ें: स्टार्क का 100वां टेस्ट, 9 पेसर कर चुके यह कारनामा, प्रदर्शन कैसा रहा?
धोनी के बराबर पहुंचे पंत
ऋषभ पंत ने टेस्ट में SENA (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में 13वीं बार फिफ्टी प्लस स्कोर बनाया। उन्होंने 50 का आंकड़ा पार करते ही महेंद्र सिंह धोनी के रिकॉर्ड की बराबरी की, जिन्होंने टेस्ट में SENA देशों में 13 फिफ्टी प्लस स्कोर बनाए थे। धोनी टेस्ट में SENA देशों में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी प्लस स्कोर करने वाले एशियन विकेटकीपर बल्लेबाज थे। अब पंत ने लॉर्ड्स में अर्धशतक ठोक उनकी बराबरी कर ली।
पंत ने इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में 8वीं बार 50 रन का आंकड़ा पार किया। वह धोनी के साथ इंग्लैंड में टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा बार फिफ्टी प्लस स्कोर करने वाले नंबर-1 विदेशी विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।