इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की शुरुआत से ही ऋषभ पंत सुर्खियों में बने हुए हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के हर मैच में सबकी नजरें पंत पर टिकी रहती हैं। इसके पीछे का कारण है कि पंत इस आईपीएल में सबसे महंगे प्लेयर के तौर पर उतरे थे। पिछले साल नवंबर में हुए मेगा ऑक्शन में उन्हें LSG ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था। इतनी ज्यादा रकम पाने वाले वह आईपीएल इतिहास के पहले खिलाड़ी बने। हालांकि इस प्राइस टैग को पंत जस्टीफाई नहीं कर पाए हैं।
मौजूदा सीजन में पंत का ना बल्ला चल पाया है और ना ही उनकी कप्तानी प्रभावी रही है। इसका नतीजा ये हुआ है कि LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। ऐसे में पंत को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एक पत्रकार ने 'X' पर पोस्ट किया कि LSG आईपीएल 2026 से पहले उन्हें रिलीज कर सकती है। टीम मैनेजमेंट को लगता है कि 27 करोड़ रुपए बहुत ज्यादा है। इस पोस्ट पर पंत ने रिएक्ट किया है। उन्होंने पत्रकार की पोस्ट पर रिप्लाई देते हुए इसे फर्जी खबर करार दिया है।
LSG से रिलीज किए जाने की बात पर क्या बोले पंत?
ऋषभ पंत ने पत्रकार को एजेंडे के साथ फर्जी खबर फैलाने के बजाय थोड़ी समझदारी दिखाने की सलाह दी। पंत ने पत्रकार को रिप्लाई करते हुए लिखा, 'मैं समझता हूं कि फर्जी खबरों से कंटेंट खूब बिकता है लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए। एजेंडे के साथ फर्जी खबर बनाने के बजाय विश्वसनीय खबरें देना ज्यादा सही होगा। शुक्रिया, आपका दिन शुभ हो। सोशल मीडिया पर जो भी कुछ पोस्ट करते हैं, उसके प्रति जिम्मेदार और समझदार बनें।'
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा और जूलियन वेबर फिर आमने-सामने, इस बार कौन मारेगा बाजी?

यह भी पढ़ें: अंडर-19 टीम के कप्तान बने CSK के आयुष म्हात्रे, सूर्यवंशी की एंट्री
आज GT के सामने उतरेगी LSG
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स आज (22 मई) शाम 7:30 बजे से अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का सामना करने वाली है। LSG के लिए यह सीजन समाप्त हो चुका है। पंत चाहेंगे कि बचे हुए दो मैचों में LSG फैंस के चेहरे पर मुस्कुराहट ला पाएं। दूसरी गुजरात टाइटंस प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम की नजरें अब टॉप-2 में फिनिश करने पर है।