श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। मुकाबले के चौथे दिन (1 फरवरी) स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने श्रीलंका को पारी और 242 रन से रौंद दिया। टेस्ट क्रिकेट में श्रीलंका की यह सबसे बड़ी हार साबित हुई। इससे पहले श्रीलंका को 2017 में नागपुर टेस्ट में भारत ने पारी और 239 रन से धूल चटाई थी।
टेस्ट में श्रीलंका की सबसे बड़ी हार
- पारी और 242 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2025
- पारी और 239 रन बनाम भारत, 2017
- पारी और 229 रन बनाम साउथ अफ्रीका, 2001
ख्वाजा के बाद स्पिनरों ने किया श्रीलंका का बुरा हाल
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। ओपनर उस्मान ख्वाजा ने 352 गेंद में 232 रन बनाए। टेस्ट क्रिकेट में उनका यह पहला दोहरा शतक रहा। स्मिथ (141) और डेब्यू कर रहे जोश इंग्लिस (102) ने शतकीय पारियां खेलीं, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने एशिया में अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाया। कंगारू टीम ने मुकाबले के दूसरे दिन (30 जनवरी) 6 विकेट पर 634 रन पर अपनी पहली पारी घोषित की। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 165 रन पर ही सिमट गई।
लेफ्ट आर्म स्पिनर मैथ्यू कुनमन ने 5 विकेट झटके। ऑफ स्पिनर नाथन लायन ने 3 जबकि तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को 2 सफलता मिली। 469 रन की भारी भरकम बढ़त मिलने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को फॉलोऑन के लिए मजबूर किया। फॉलोऑन खेलने उतरी मेजबान टीम को एक बार फिर कुनमन और लायन की स्पिन जोड़ी ने खूब परेशान किया। दोनों ने 4-4 विकेट लेकर उनकी पारी 247 रन पर ढेर कर दी। दूसरी पारी में स्टार्क को एक विकेट मिला। वहीं टॉड मर्फी के खाते में भी एक विकेट रहा।
यह भी पढ़ें: खेलो इंडिया को मिले 1000 करोड़, कितना बढ़ा खेल बजट?
श्रीलंका की ओर से दिनेश चांदीमल ही कुछ प्रभावित कर पाए। उन्होंने पहली पारी में 72 और दूसरी पारी में 31 रन बनाए। पारी और 242 रन से जीत टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की चौथी सबसे बड़ी जीत रही।
टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की बड़ी जीत
- पारी और 360 रन बनाम साउथ अफ्रीका, 2022
- पारी और 332 रन बनाम इंग्लैंड, 1946
- पारी और 259 रन बनाम साउथ अफ्रीका, 1950
- पारी और 242 रन बनाम श्रीलंका, 2025