ईशान किशन बुधवार (23 अप्रैल) को आईपीएल 2025 में भयंकर गलती कर बैठे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ किशन आउट भी नहीं थे लेकिन वह अपनी मर्जी से पवेलियन लौट गए। अंपायर ने भी उन्हें आउट नहीं दिया था। सनराइजर्स हैदराबाद की पारी के तीसरे ओवर की पहली गेंद लेग स्टंप के बाहर रही, जिसे लेग साइड में खेलने के प्रयास में किशन चूक गए। मेन अंपायर इसे वाइड करार देने जा रहे थे, तभी उन्होंने देखा कि किशन पवेलियन की ओर लौट रहे हैं। इससे अंपायर भी कन्फ्यूज नजर आए। उन्होंने अपना हाथ रोका और फिर अगले ही पल उंगली उठा दी।
किशन को लगा कि गेंद उनके बल्ले से लगकर गई थी। इसीलिए उन्होंने अंपायर के फैसले का इंतजार नहीं किया और पवेलियन लौट गए। हालांकि कुछ देर बाद रिप्ले में दिखा कि गेंद का उनके बल्ले से संपर्क ही नहीं हुआ था। 2019 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली से भी ऐसी ही गलती हुई थी। कोहली खुद को आउट मानकर चलते बने थे लेकिन बाद में पता चला कि वह आउट नहीं थे।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 में हुई मैच फिक्सिंग? RR का नाम, हंगामे की पूरी कहानी
MI के प्लेयर्स ने अपील तक नहीं की
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी SRH को दूसरे ओवर में ही पहला झटका लगा। ट्रेविस हेड 4 गेंद खेलकर बिना खाता खोले आउट हो गए। वह ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। इसके बाद क्रीज पर ईशान किशन आए। किशन ने अपनी तीसरी गेंद पर सिंगल लेकर खाता खोला। SRH को उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी। किशन ने शतक जड़कर आईपीएल 2025 की शुरुआत की थी। हालांकि अपनी पुरानी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस को किशन ने अपना विकेट तोहफे में दे दिया। MI के किसी खिलाड़ी ने अपील तक नहीं की थी।
जब बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले में दिखा कि गेंद और बल्ले का संपर्क नहीं हुआ था, तो किशन खुद से नाराज नजर आए। उनके आउट होने के बाद SRH ने पावरप्ले में 2 और विकेट गंवा दिए। 35 रन के स्कोर पर उनकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। हेनरिक क्लासेन (71) और अभिनव मनोहर (43) ने छठे विकेट के लिए 99 रन की साझेदारी कर SRH की लाज बचाई। टीम ने मुंबई इंडियंस के सामने 144 रन का लक्ष्य रखा।
यह भी पढ़ें: घरेलू मैदान का क्यों नहीं मिल रहा लाभ? द्रविड़ ने बताई वजह