डायमंड लीग के फाइनल में भारत के जैविलन स्टार नीरज चोपड़ा को लगातार तीसरे साल दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा है। गुरुवार (28 अगस्त) को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में हुए फाइनल में नीरज 85.01 मीटर का ही थ्रो लगा पाए। नीरज ने 84.35 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की थी। उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में 85 मीटर से ज्यादा की दूरी हासिल की और दूसरे स्थान पर फिनिश किया, नहीं तो उन्हें तीसरे स्थान पर रहना पड़ सकता था।
जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.57 मीटर का विशालकाय थ्रो लगाकर डायमंड ट्रॉफी जीती। वेबर ने वर्ल्ड चैंपियन नीरज चोपड़ा को 6.56 मीटर के अंतर से पीछे छोड़ा। 2020 टोक्यो ओलंपिक में ऐतिहासिक गोल्ड जीतने के बाद नीरज कभी इतने बड़े अंतर से नहीं हारे थे। पिछले साल डायमंड लीग फाइनल में वह सिर्फ 1 सेंटीमीटर से पिछड़े थे। मगर इस बार उन्हें बड़ी हार मिली।
यह भी पढ़ें: लियोनेल मेसी लेंगे संन्यास? अर्जेंटीना में चल रही विदाई की तैयारी!
वेबर ने लगाए लगातार बड़े थ्रो
नीरज किसी भी इवेंट में 88 मीटर के थ्रो आसानी से लगाते आए हैं लेकिन ज्यूरिख में मुश्किल से उनका जैवलिन 85 मीटर के पार जा पाया। दूसरी ओर वेबर ने अपने पहले प्रयास में ही 91.37 मीटर दूर थ्रो किया था। इसके बाद उन्होंने दूसरा थ्रो 91.57 मीटर का किया। वेबर ने इसके बाद 86.45 और 88.66 मीटर के भी थ्रो लगाए। वेबर का चौथा बेस्ट थ्रो (86.45) भी नीरज के सबसे बेहतरीन थ्रो से आगे रहा।
डायमंड लीग फाइनल जूलियन वेबर के थ्रो
- पहला प्रयास - 91.37 मीटर
- दूसरा प्रयास - 91.57 मीटर
- तीसरा प्रयास - फाउल
- चौथा प्रयास - 83.66 मीटर
- पांचवां प्रयास - 86.45 मीटर
- छठा प्रयास - 88.66 मीटर
कौन हैं जूलियन वेबर?
30 साल के जूलियन वेबर टोक्यो ओलंपिक में महज 14 सेंटीमीटर से मेडल से चूक गए थे। यहां नीरज ने 87.58 मीटर का थ्रो लगाकर गोल्ड पर कब्जा किया था। वेबर 85.30 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे। इसके बाद उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप 2022 और 2023 में भी चौथे स्थान पर फिनिश किया। 2024 पेरिस ओलंपिक में वेबर ने 87.40 मीटर का थ्रो किया था लेकिन उन्हें छठे स्थान पर रहना पड़ा। पेरिस में पाकिस्तान के अरशद नदीम (92.97) ने गोल्ड जीता था, जबकि नीरज चोपड़ा (89.45) ने सिल्वर अपने नाम किया।
पोडियम से फिनिश से लगातार फिसलने के बाद वेबर ने इस साल डायमंड लीग के दोहा लेग में 91.06 मीटर की दूरी तय कर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने अपने करियर में पहली बार 90 मीटर को पार किया। इसी इवेंट में नीरज ने भी 90 मीटर का बैरियर तोड़ा था।
यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु ने वर्ल्ड नंबर-2 को हराया, क्वार्टर फाइनल में ली एंट्री
जूलियन वेबर के टॉप-5 थ्रो
- 91.51 मीटर - 28 अगस्त, 2025
- 91.06 मीटर - 16 मई, 2025
- 89.65 मीटर - 22 अगस्त, 2025
- 89.54 मीटर - 6 जून, 2022
- 89.08 मीटर - 30 जून, 2022