कोलंबो में महिला वर्ल्ड कप 2025 के छठे मैच में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले में पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज मुनीबा अली के रन-आउट को लेकर हंगामा बरपा है। रविवार को श्रीलंका के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुनीबा को थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया, जिससे पाकिस्तानी खेमा नाराज दिखा।
पाकिस्तान की नाराजगी सोशल मीडिया पर भी नजर आ रही है। लोगों ने अंपायर पर भी भेदभाव रवैया अख्तियार करने का आरोप लगाया है। पाकिस्तानी मुनीबा अली के समर्थन में भारतीयों को कोस रहे हैं। उनका कहना है कि वह नॉट आउट थीं लेकिन उन्हें आउट करार दिया गया है।
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ पाकिस्तानी कप्तान ने की बेईमानी, अब टॉस चुरा ली... VIDEO
क्यों मुनीबा अली के आउट होने पर हंगामा हुआ?
चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर मुनीबा अली आउट हुईं तो पाकिस्तानी खिलाड़ी भड़क गए। टीम इंडिया की गेंदाज क्रांति गौड़ ने बॉलिंग की, गेंद मुनीबा के पैड पर लगी, जिसे अंपायर ने नॉट-आउट दिया। इस दौरान मुनीबा अपनी क्रीज से बाहर थीं, लेकिन उन्होंने बल्ला क्रीज में टिका दिया।
दीप्ति शर्मा के थ्रो से गेंद स्टंप्स पर लगी, तब मुनीबा ने अपना बल्ला हवा में उठा लिया। थर्ड अंपायर केरिन क्लास्टे ने कई रीप्ले देखने के बाद उन्हें आउट करार दे दिया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने चौथे अंपायर किम कॉटन से लंबी बहस की, लेकिन फैसला नहीं बदला।
यह भी पढ़ें: मोहम्मद शमी अब कभी टीम इंडिया के लिए नहीं खेल पाएंगे?
पाकिस्तानी खिलाड़ी भड़के क्यों?
पाकिस्तानी कोच इस रन आउट पर भड़के हैं। उनका कहना है कि मुनीबा आउट नहीं थीं, उन्हें गलत तरीके से आउट किया गया है। टीम इंडिया इस फैसले पर शांत नजर आई। कैप्टन हरमनप्रीत कौर ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
क्या कह रहे पाकिस्तानी खिलाड़ी?
पाकिस्तान की तेज गेंदबाज डायना बैग ने हंगामे पर कहा, 'मुनीबा का रन-आउट मसला सुलझ गया है। अब इस पर ज्यादा बात करने की जरूरत नहीं है।'
नियम क्या कहते हैं?
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मेल जोन्स ने नियमों पर कहा, 'मुनीबा न तो दौड़ रही थीं और न ही डाइव कर रही थीं, इसलिए बल्ला उठने पर उन्हें आउट दिया गया।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत के लिए UP में हुआ हवन पूजन
मैच का नतीजा क्या रहा?
भारत ने पाकिस्तान को 88 रनों से हरा दिया। यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ 12वीं वनडे जीत थी।
मुनीबा अली कौन हैं?
मुनीबा अली, 8 अगस्त 1997 को कराची में पैदा हुईं थीं। वह पाकिस्तान की चर्चित महिला क्रिकेटर हैं। वे बाएं हाथ की बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं। मुनीबा ने 14 साल की उम्र में बलूचिस्तान के लिए T20 डेब्यू किया था। 18 साल की उम्र में उन्होंने पाकिस्तान के लिए T20 डेब्यू किया। साल 2016 से वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सक्रिय हैं।
2023 ICC महिला T20 विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ 102 रनों की ऐतिहासिक शतकीय उन्होंने खेली है। यह करने वाली वह पहली पाकिस्तानी क्रिकेटर हैं। 2023 में PCB ने उन्हें कैटेगरी B कॉन्ट्रैक्ट दिया। उनकी गिनती पाकिस्तान की शानदार महिला खिलाड़ियों में होती है।