इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने संजोग गुप्ता को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। ICC ने सोमवार (7 जुलाई) को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि संजोग गुप्ता मीडिया, इंटरटेनमेंट और खेल जगत के सम्मानित शख्स हैं। वह विभिन्न क्षेत्रों में दो दशक के अनुभव के साथ ICC से जुड़े हैं।
संजोग ने ऑस्ट्रेलिया के ज्योफ एलार्डिस को रिप्लेस किया है। एलार्डिस 2021 से इस पद पर थे। उन्होंने इस साल की शुरुआत में चैंपियंस ट्रॉफी से पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। संजोग गुप्ता ICC के CEO बनने वाले दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले मनु साहनी इस पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें: एजबेस्टन फतह करने के बाद भारत ने कौन-कौन से रिकॉर्ड बनाए? पूरी लिस्ट
संजोग के पास खेल और बिजनेस का व्यापक अनुभव
ICC के चेयरमैन जय शाह ने संयोग गुप्ता की नियुक्ति पर कहा, 'मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि संजोग गुप्ता को आईसीसी का CEO नियुक्त किया गया है। संजोग के पास खेल और बिजनेस का व्यापक अनुभव है, जो ICC के लिए फायदेमंद होगा।'
कौन हैं संयोग गुप्ता?
संजोग गुप्ता इससे पहले जियोस्टार के CEO (स्पोर्ट्स एंड लाइव एक्सपीरियंस) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक पत्रकार के रूप में की थी। 2010 में वह स्टार इंडिया (अब जियोस्टार) में शामिल हो गए और यहां कई भूमिकाएं निभाईं। उन्हें नवंबर 2024 में जियोस्टार स्पोर्ट्स का CEO नियुक्त किया गया था।
संजोग गुप्ता ने ICC के नए CEO बनने पर कहा, 'यह जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। खासकर उस दौर में जब क्रिकेट ग्लोबल स्तर पर तेजी से विस्तार कर रहा है। लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की भागीदारी और तकनीकी विकास खेल को नई बुलंदियों पर पहुंचाएगा।'
यह भी पढ़ें: एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड, कितने दूर हैं शुभमन गिल?
ICC के अब तक के CEO
- डेविड रिचर्ड्स (ऑस्ट्रेलिया): 1993-2001
- मैल्कम स्पीड (ऑस्ट्रेलिया): 2001-2008
- हारून लोगर्ट (साउथ अफ्रीका): 2008-2012
- डेविड रिचर्डसन (साउथ अफ्रीका): 2012-2019
- मनु साहनी (भारत): 2019--2021
- ज्योफ एलार्डिस (ऑस्ट्रेलिया) - 2021-25
- संजोग गुप्ता (भारत): 2025-