9 दिन के विराम के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की दोबारा शुरुआत हो गई है। भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था। दोनों देशों के बीच सीजफायर के बाद BCCI ने नया शेड्यूल जारी किया। टूर्नामेंट के बचे हुए लीग स्टेज के मैच 6 शहरों में खेले जा रहे हैं। पंजाब किंग्स का होम वेन्यू जयपुर रखा गया है। वहीं फाइनल सहित प्लेऑफ के वेन्यू का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
आईपीएल 2025 के ऑरिजनल शेड्यू के अनुसार, एलिमिनेटर और क्वालिफायर 1 हैदराबाद में होने वाला था। वहीं क्वालिफायर 2 और फाइनल की मेजबानी कोलकाता को दी गई थी लेकिन टूर्नामेंट के रीशेड्यूल होने के बाद अब प्लेऑफ के मुकाबले मुंबई और अहमदाबाद में होने की संभावना है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 3 जून को फाइनल हो सकता है।
यह भी पढ़ें: टैलैंट की कमी नहीं, कोहली जैसे और खिलाड़ी आएंगे, ये क्या बोल गए ओवैसी
विदेश प्लेयर्स के ना होने से पड़ेगा असर
आईपीएल 2025 का नया शेड्यूल इंटरनेशनल कैलेंडर से टकरा रहा है, जिसके चलते कई कई प्रमुख विदेशी खिलाड़ी प्लेऑफ से पहले लीग छोड़ सकते हैं। इस कारण प्लेऑफ में जगह बनाने वाली टीमों के अभियान पर असर पड़ सकता है। गुजरात टाइटंस को प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की करने के लिए एक जीत जरूरी है। प्लेऑफ में उसे जोस बटलर की सेवाएं नहीं मिलेंगी। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए बटलर लीग स्टेज की समाप्ति के बाद स्वदेश लौट जाएंगे। गुजरात टाइटंस ने उन्हें प्लेऑफ में रिप्लेस करने के लिए कुसल मेंडिस को साइन किया है।
इसी तरह मुंबई इंडियंस को भी विल जैक्स (इंग्लैंड), रायन रिकलटन और कॉर्बिन बॉश (दोनों साउथ अफ्रीका) की कमी खलेगी। ये सभी खिलाड़ी प्लेऑफ के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। मुंबई इंडियंस टॉप-4 में फिनिश करने की प्रबल दावेदार है। उसने प्लेऑफ के लिए विल जैक्स की जगह जॉनी बेयरस्टो और रायन रिकलटन के रिप्लेसमेंट के तौर पर रिचर्ड ग्लीसन को चुना है। आईपीएल 2025 स्थगित होने से दिल्ली कैपिटल्स को सबसे करारा झटका लगा है। मौजूदा सीजन में उनके हाईएस्ट विकेट टेकर मिचेल स्टार्क ने आईपीएल से बाहर होने का फैसला किया है। स्टार्क 11 जून से शुरू होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की तैयारियों में अब जुट गए हैं। WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया की टक्कर साउथ अफ्रीका से होनी है।
यह भी पढ़ें: GT के खिलाफ कौन लगाएगा DC की डूबती नैया को पार?
PBKS और RCB का क्या?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए एक पॉइंट चाहिए। उसके लिए जोश हेजलवुड की जगह को भरना आसान नहीं है। हेजलवुड का आईपीएल 2025 के बचे हुए मैचों में खेलने पर संशय है। वह कंधे की चोट से उबर रहे हैं। WTC फाइनल को देखते हुए उनके भी प्लेऑफ में अनुपलब्ध रहने की संभावना है। हेजलवुड चोट के चलते चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ बाहर रहे थे। उनकी जगह लुंगी एनगिडी खेले थे और अच्छा प्रदर्शन किया था। हालांकि एनगिडी भी प्लेऑफ से पहले नेशनल ड्यूटी पर चले जाएंगे।
पंजाब किंग्स (PBKS) के तीन विदेशी खिलाड़ियों के उपलब्धता पर संशय है। जोश इंग्लिस, मार्कस स्टोइनिस और एरोन हार्डी कब उपलब्ध होंगे यह साफ नहीं है। अगर PBKS प्लेऑफ में पहुंचती है तो उसे मार्को यानसन के बिना उतरना पड़ेगा। यानसन PBKS के आखिरी लीग स्टेज मैच के बाद WTC फाइनल के लिए चले जाएंगे। ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम की भी मुश्किलें बढ़ने वाली हैं।
किस टीम के खिताब जीतने की ज्यादा संभावना?
विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता के नजरिए से देखें तो दिल्ली कैपिटल्स, आरसीबी और पंजाब किंग्स की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। गुजरात टाइटंस के लिए बटलर को रिप्लेस करना आसान नहीं है लेकिन अगर प्लेऑफ के मैच उसके घरेलू मैदान पर होता है तो उसे जबरदस्त फायदा मिलेगा। अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल और उनके सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन का बेहतरीन रिकॉर्ड है। वहीं मुंबई इंडियंस का भारतीय कोर बेहद मजबूत है। विदेशी खिलाड़ियों के जाने से उसके प्रदर्शन में शायद ज्यादा अंतर नहीं आए। ट्रेंट बोल्ट का पूरे आईपीएल के लिए उपलब्ध रहना मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा बूस्ट है। हो सकता है MI प्लेऑफ का एक मैच अपने होम ग्राउंड पर ही खेले। इन सब चीजों को देखते हुए IPL को नया चैंपियन मिलता नहीं नजर आ रहा है।