logo

ट्रेंडिंग:

पिता ने जमीन बेचकर बनाया क्रिकेटर, अब बेटी दिलाएगी वर्ल्ड कप

महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में गोंगडी त्रिशा से टीम इंडिया को काफी उम्मीदें हैं। त्रिशा को क्रिकेटर बनाने के लिए उनके पिता ने अपनी 4 एकड़ जमीन बेच दी थी।

Gongadi Trisha

गोंगडी त्रिशा। Photo Credit: (BCCI Women/X)

मलेशिया में खेले जा रहे महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम अपने टाइटल को डिफेंड करने उतर रही है। टूर्नामेंट में आज (18 जनवरी) टीम इंडिया का पहला मैच वेस्टइंडीज से है। जबरदस्त फॉर्म में चल रहीं सलामी बल्लेबाज गोंगडी त्रिशा पर भारतीय फैंस की नजरें हैं। 

 

महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप पहली बार जनवरी 2023 में आयोजित हुआ था, जिसमें टीम इंडिया ने खिताबी जीत हासिल की थी। शेफाली वर्मा की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया था। इंग्लिश टीम को महज 68 रन पर ढेर करने के बाद भारत ने 14 ओवर में आसानी से लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उस छोटे से रन चेज में गोंगडी त्रिशा ने 29 गेंद में 3 चौकों की मदद से 24 रन बनाए थे। अब वो एक बार फिर टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के लिए उतरने वाली हैं। 

 

क्रिकेटर बनाने के लिए पिता ने बेची जमीन

 

त्रिशा ने पांच साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उनके पिता गोंगडी रेड्डी ने उन्हें थ्रोडाउन प्रैक्टिस करवाते थे। गोंगडी रेड्डी का खेलों से पुराना नाता था। वह खुद हॉकी प्लेयर रह चुके हैं। गोंगडी रेड्डी अंडर-19 हॉकी टूर्नामेंट में टीम इंडिया का हिस्सा बने थे। वह हॉकी के साथ-साथ क्रिकेट भी खेलते थे। उनकी दिली तमन्ना थी कि उनका बच्चा भी क्रिकेट खेले। इसके लिए उन्होंने काफी संघर्ष किया। त्रिशा के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने लिए वह भद्रचलम से सिंकदराबाद शिफ्ट हुए। 

 

इस कारण गोंगडी रेड्डी को अपना जिम बंद करना पड़ा। साथ ही उनकी फिटनेस ट्रेनर की नौकरी भी छूट गई। पैसों की तंगी के चलते उन्होंने आधी कीमत पर जिम बेच दिया। त्रिशा की ट्रेनिंग के लिए उन्होंने अपनी 4 एकड़ जमीन भी बेच दी थी। पिता के इस कदर के जुनून, त्याग, समर्पण और अपनी कड़ी मेहनत की बदलौत त्रिशा भारतीय क्रिकेट की अगली स्टार के रूप में देखी जा रही हैं।

 

ये भी पढ़ें: महिला U19 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की इन 5 खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

 

बल्ले से बरसा रहीं रन 

 

त्रिशा ने दिसंबर 2024 में भारत को अंडर-19 एशिया कप का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। वो टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर थीं। त्रिशा ने 5 पारियों में 59 की औसत से 159 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 120 से ऊपर का था। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से नवाजा गया। त्रिशा फाइनल में अपनी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी बनी थीं। अब महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप में उनसे काफी उम्मीदें हैं।


महिला अंडर-19 टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: निकी प्रसाद (कप्तान), सानिका चाल्के (उप-कप्तान), गोंगडी त्रिशा, जी कमालिनी (विकेटकीपर), भाविका अहिरे (विकेटकीपर), ईश्वरी अवसारे, मिथिला विनोद, वीजे जोतिशा, सोनम यादव, परूनिका सिसोदिया, केसरी दृति, आयुषी शुक्ला, अनंदिता किशोर, एमडी शबनम, वैष्णवी एस।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap