logo

ट्रेंडिंग:

बॉलिंग से तहलका, बैटिंग से खलबली, IPL के 3 दिन में मिल गए 4 नए सितारे

IPL 2025 की शुरुआत में ही कुछ ऐसे खिलाड़ी चर्चा में आ गए हैं जो अब तक लगभग अनजान थे। शुरुआती 4 मैच में 4 खिलाड़ी इस तरह छा गए हैं कि हर तरफ उन्हीं की चर्चा हो रही है।

ipl players

IPL में उभर रहे नए सितारे, Photo Credit: Khabargaon

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) ने अपनी शुरुआत से लेकर अब तक कई अनजान खिलाड़ियों को मंच दिया है। इस टूर्नामेंट में मौका पाने के बाद कई खिलाड़ी अपने-अपने देशों की नेशनल टीम का हिस्सा बने और यहीं से उनकी किस्मत भी चमकी। सूर्य कुमार यादव, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह जैसे दर्जनों खिलाड़ियों ने भारतीय टीम तक अपनी जगह बनाई। मौजूदा सीजन में भी इसकी शुरुआत हो गई है। 22 मार्च से IPL का 18वां सीजन शुरू हुआ। इन तीन दिनों में कुल 4 मैच खेले गए हैं और 4 ऐसे खिलाड़ी चर्चा में आ गए हैं जिन्हें अब से पहले शायद कोई इतने बड़े स्तर पर नहीं जानता था। इन खिलाड़ियों ने शुरुआती मैच में ही न सिर्फ अपनी टीम के मैनेजमेंट को प्रभावित किया है बल्कि दूसरी फ्रेंचाइजी के लोग भी इनकी तारीफ कर रहे हैं।

 

इस लिस्ट में एक खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स का, एक खिलाड़ी मुंबई इंडियंस का और दो खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स के हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस के विग्नेश पुथुर ने सबको इंप्रेस किया। यहां तक कि मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने उनसे जिस तरह से बात की उसने यह दर्शाया कि इस खिलाड़ी में सबको उम्मीद दिख रही है। राजस्थान रॉयल्स को भले ही पहले मैच में हार मिली हो लेकिन शुभम दुबे ने अपने खेल से सबको प्रभावित किया। दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजाएंट्स के मैच में तो आशुतोष शर्मा और विपराज निगम ने बाजी ही पलट दी। आइए एक-एक करके इन सभी खिलाड़ियों को जानते हैं...

 

यह भी पढ़ें: IPL डेब्यू पर पहले ओवर में विकेट, 15 गेंद में 39 रन, कौन हैं विपराज निगम?

शुभम दुबे (राजस्थान रॉयल्स)

 

अब तक सबसे कम चर्चा इसी खिलाड़ी की हो रही है। 30 साल के शुभम दुबे पिछले साल भी राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे और 4 मैच भी खेले थे। उन्होंने मुंबई इंडियंस में साल 2024 में अपना डेब्यू किया था लेकिन कोई खास असर नहीं छोड़ पाए थे। इस साल राजस्थान रॉयल्स ने अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेला। सनजराइजर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके 286 रन का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा था। 

 

राजस्थान रॉयल्य ने भी जवाब में तेज बैटिंग की और 242 रन तक पहुंची लेकिन जीत से दूर ही रह गई। राजस्थान की ओर से आखिरी ओवरों में बैटिंग करने आए शुभम दुबे की बदौलत की ही यह टीम 242 रनों तक पहुंच पाई। दरअसल, शुभम दुबे ने सिर्फ 11 गेंदों पर एक चौके और 4 छक्के की मदद से कुल 34 रन बनाए। 

 

यह भी पढ़ें- आशुतोष शर्मा ने LSG के जबड़े से छीना मैच, DC ने रचा इतिहास

 

IPL से पहले शुभम दुबे साल 2023 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपना जलवा बिखेर चुके हैं। तब उन्होंने फिनिशिर के तौर पर खेलेते हुए 225 रन बना डाले थे। यही वजह रही कि साल 2024 के आईपीएल से पहले राजस्थान रॉयल्स ने शुभम दुबे के लिए 5.8 करोड़ रुपये खर्च कर डाले थे।

विग्नेश पुथुर (मुंबई इंडियंस)

 

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने एक ऐसे खिलाड़ी को मौका देकर सबको चौंका दिया जिसने इस आईपीएल मैच से पहले तक कोई डोमेस्टिक लेवल का मैच भी नहीं खेला था। इस खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस ने क्यों खिलाया, यह उसने पहले ही मैच में दिखा दिया। विग्नेश पुथुर ने अपने 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 3 विकेट भी लिए। विग्नेश पुथुर ने ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे और दीपक हुड्डा जैसे बल्लेबाजों को आउट किया। मैच के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने जब विग्नेश पुथुर के कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात की तो यह मोमेंट और वायरल हो गया। 

 

 

सिर्फ 24 साल के विग्नेश एक ऑटो ड्राइवर के बेटे हैं। इससे पहले वह केरल क्रिकेट लीग और तमिलनाडु प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट में खेलते रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था और पहले ही मैच में विग्नेश ने खलबली मचा दी है।


विपराज निगम (दिल्ली कैपिटल्स)

 

लखनऊ सुपरजाएंट्स और दिल्ली कैपिटल्स का यह मैच सोमवार को खेला गया। लखनऊ सुपरजाएंट्स ने 209 रन बनाकर 210 रन का लक्ष्य रखा था। दिल्ली कैपिटल्स के ओपनर जैक फ्रेजर मैकगर्क सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए और विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल खाता भी नहीं खोल पाए। समीर रिजवी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। फाफ डु प्लेसिस के 29 रनों के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने थोड़ी तेजी दिखाई लेकिन वह भी 22 रन बनाकर ही आउट हो गए।

 

एक वक्त ऐसा लग रहा था कि अब दिल्ली के लिए यह मैच जीतना असंभव है। ऐसे में विपराज निगम अचानक चर्चा में आ गए। 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर जब ट्रिस्टन स्टब्स आउट हुए तब दिल्ली का स्कोर 6 विकेट पर 113 रन था। इसके बाद विपराज निगम ने धुआंधार बल्लेबाजी की और सिर्फ 15 गेंद पर 5 चौके और 2 छक्के लगाकर कुल 39 रन बना डाले। यहीं से दिल्ली कैपिटल्स मैच में लौट आई। रोचक बात यह है कि विपराज निगम आईपीएल में अपना पहल ही मैच खेल रहे थे।

 

सिर्फ 20 साल के विपराज निगम स्पिन ऑलराउंडर के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा था। यूपी टी20 लीग में लखनऊ फालकन्स के लिए खेल चुके विपराज तब अपनी बॉलिंग की वजह से चर्चा में आए थे और 11 पारियों में 20 विकेट लिए थे। आईपीएल के अपने पहले मैच में भी विपराज ने 2 ओवर फेंके थे और 35 रन देकर एडन मारक्रम को आउट कर दिया था।


आशुतोष शर्मा (दिल्ली कैपिटल्स)

 

लखनऊ सुपरजाएंट्स के खिलाफ बैटिंग करते हुए जो काम विपराज निगम ने शुरू किया था, उसे अंजाम तक पहुंचाने का काम आशुतोष शर्मा ने किया। आशुतोष शर्मा ने नाबाद रहते हुए कुल 31 गेंदों में 66 रन बनाए। आशुतोष ने 5 चौके और 5 छक्के जड़कर असंभव सी लग रही जीत अपनी टीम की झोली में डाल दी। इस मैच में उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।


2024 से ही आईपीएल खेल रहे आशुतोष शर्मा पिछले सीजन में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे लेकिन इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स ने 3.8 करोड़ में उन्हें खरीदा। अब तक खेले 12 मैच में 10 बार उन्हें बैटिंग मिली है और वह कुल 255 रन बना चुके हैं। 10 मैच में वह कुल 20 छक्के लगा चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट 177.09 का है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap