आम आदमी पार्टी (AAP) पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुई भारतीय जनता पार्टी (BJP) खुद करप्शन के आरोपों में फंस गई है। दिल्ली की मुख्य विपक्षी पार्टी 'आप' ने मंगलवार को आरोप लगाया कि बीजेपी की रेखा गुप्ता सरकार में तिरंगा खरीदने में घोटाला हुआ है, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा है।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राष्ट्रीय झंडे (तिरंगा) की खरीद दिल्ली सरकार के समान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने अपने चहेते वेंजर को 4 करोड़ रुपये से ज्यादा का टेंडर दे दिया। इसमें हर घर तिरंगा योजना के तहत 7 लाख तिरंगों को बांटना था। आम आदमी पार्टी का कहना है कि 7 लाख तिरंगों की खरीद में 4 करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार हुआ है।
यह भी पढ़ें: कागज फाड़े, माइक तोड़ा, उत्तराखंड विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा
विधायक संजीव झा का बड़ा आरोप
बुराड़ी से 'आप' विधायक संजीव झा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर 'हर घर तिरंगा' अभियान को भी बीजेपी ने अपनी जेब भरने का साधन बना लिया। उन्होंने कहा कि 7 लाख तिरंगों को खरीदने के लिए टेंडर की प्रक्रिया में खुलेआम धांधली हुई है। टेंडर की प्रक्रिया में सबसे कम बोली लगाने वाले वेंडरों को बाहर कर दिया गया और इसमें ज्यादा बोली लगाने वाले सिर्फ चहेते ठेकेदार को फायदा पहुंचाया गया।
क्या है घोटाला?
आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि 60 के नाम पर खरीदे गए झंडे असल में सिर्फ 15 रुपये के थे।इन झंडों का न तो साइज सही था और न डंडे की लंबाई सही थी। विधायक संजीव झा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर कहा, 'नियमों के मुताबिक टेंडर में 21 दिन का समय देना चाहिए था, लेकिन बीजेपी सरकार ने सब नियम ताक पर रख दिए।'
यह भी पढ़ें: क्या है बद्रीनाथ मास्टर प्लान, जिसके विरोध में मुंडन करा रहे लोग?
टेंडर खोलने की तारीख 16 अगस्त
'आप' ने आगे आरोप लगाते हुए कहा है कि हद तो यह है कि टेंडर खोलने की तारीख 16 अगस्त रखी गई, जबकि झंडे 15 अगस्त को ही बांटे जाने थे। आप विधायक ने कहा कि यानी यह सब कुछ फिक्स था। उन्होंने कहा, 'बीजेपी सरकार ने न सिर्फ दिल्ली की जनता के टैक्स का पैसा लूटा बल्कि तिरंगे का भी अपमान किया है। तिरंगा हर भारतीय का गर्व है और बीजेपी ने उस पर भी घोटाले का दाग लगा दिया। जो पार्टी तिरंगे तक को नहीं छोड़ती, वो जनता का भला क्या करेगी?'
सांसद संजय सिंह के आरोप
वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय सिंह ने इस मामले में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा, 'सरकार को सात लाख तिरंगा झंडा बांटना था। टेंडर के मुताबिक, तिरंगे का साइज 900 मिमी x 1350 मिमी था। इसमें कंपनी को 6 फुट का डंडा लगाकर देना था लेकिन झंडे का साइज घटाकर 711 मिमी 508 मिली कर दिया। इसके साथ ही डंडे का भी साइज 6 फुट से घटाकर 4 फुट कर दिया।'
आखिर में संजय सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने झंडे और डंडे का साइज घटाकर झंडे और डंडे का घोटाला किया है।