हरियाणा के ऊर्जा और परिवहन मंत्री अनिल विज ने शनिवार को एक साल बाद केंद्रीय बिजली, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की है। विज ने केंद्रीय मंत्री से उनके दिल्ली के सरकारी आवास पर जाकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कई मुद्दों पर चर्चा की। अनिल विज ने मंत्री मनोहर लाल से अंबाला और चंडीगढ़ के बीच मेट्रो रेल लाइन शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने अंबाला और चंडीगढ़ के बीच मेट्रो की सख्त जरूरत बताई। साथ ही कहा कि दोनों शहरों के बीच रोजाना हजारों यात्री सफर करते हैं।
अनिल विज ने बताया कि चंडीगढ़ एक केंद्र शासित प्रदेश है और यह पंजाब और हरियाणा दोनों की राजधानी भी है, जिसकी वजह से चंडीगढ़ में बड़ी तादात में लोगों का आना-जाना होता है। दोनों सीनियर नेताओं ने इस मामले पर विस्तार से चर्चा की। केंद्रीय मंत्री ने विज को इस मामले पर जल्द से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
यह भी पढ़ें: असम: CM हिमंता ने धुबरी में 'देखते ही गोली मारने' का आदेश क्यों दिया?
अंबाला-चंडीगढ़ मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव
केंद्रीय मंत्री से मुलाकात करके के बाद अनिल विज ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि अंबाला-चंडीगढ़ मार्ग पर इस समय बहुत ज्यादा ट्रैफिक होता है। इसको देखते हुए इस क्षेत्र में मेट्रो रेल सेवा की बहुत जरूरत है।
लोगों की आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा
विज ने कहा कि अंबाला और चंडीगढ़ के बीच सड़क पर दिनभर भीड़ रहती है और यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सड़क यात्रा के अलावा वैकल्पिक परिवहन विकल्पों की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि लाखों लोगों के प्रतिनिधि के रूप में उनकी यह जिम्मेदारी है कि वे उनकी जरूरतों को उचित अधिकारियों के ध्यान में लाएं। विज ने कहा कि लोगों की आवाज को कभी नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव से पहले RJD में बदलाव, मंगनी लाल बने प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश में बदले गए ट्रांसफार्मर
हरियाणा के सीनियर मंत्री अनिल विज ने कहा कि राज्य में ज्यादातर बिजली ट्रांसफार्मर पहले ही बढ़ाए जा चुके हैं। गर्मी के मौसम में बिजली कटौती और बिजली की बढ़ती मांग को लेकर अनिल विज ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की एक मुख्य वजह ट्रांसफार्मर की कम क्षमता है। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद से ही उन्होंने प्रदेश भर में सभी बिजली ट्रांसफार्मरों को बढ़ाने के आदेश दिए थे। इनमें से ज्यादातर ट्रांसफार्मर अब बढ़े हुए लोड को संभालने के लिए अपग्रेड या बदले जा चुके हैं।
हिसार-पानीपत में नई थर्मल यूनिट
वहीं, विज ने इस दौरान ऐलान करते हुए कहा कि हिसार और पानीपत जिलों में नई थर्मल यूनिट स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन दोनों में एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र भी विकसित किया जा रहा है। विज ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में यमुनानगर में थर्मल पावर यूनिट की आधारशिला रखी है।