उत्तर प्रदेश पुलिस ने अयोध्या में दलित लड़की की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान पता चला कि संदिग्धों ने नशे में लड़की की हत्या करने के बाद उसके शव को नाले के पास फेंक दिया था। एसएसपी राज करण नैयर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में हरि राम कोरी, विजय साहू और दिग्विजय सिंह शामिल हैं। तीनों ने अयोध्या कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में एक स्कूल के अंदर पीड़िता की हत्या की और फिर वहां से भाग गए। अब पुलिस तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेगी।
दलित लड़की की हत्या से मचा बवाल
अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव होने वाले है। इससे कुछ दिन पहले रविवार को 22 वर्षीय दलित पीड़िता की हत्या से राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। पुलिस को संदेह है कि पीड़िता का यौन उत्पीड़न भी हुआ था। हालांकि, पुलिस ने दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की है लेकिन फोरेंसिक टीमों ने यौन हिंसा की पुष्टि करने के लिए नमूने एकत्र किए हैं।
यह भी पढ़ें: अयोध्या हत्याकांड पर चीख-चीखकर क्यों रोने लगे सपा सांसद अवधेश प्रसाद?
जब रोने लगे अवधेश प्रसाद
घटना के बाद फैजाबाद से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात की। भावुक होकर वे पत्रकारों के सामने रो पड़े और लड़की की सुरक्षा न कर पाने के लिए खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा, 'मुझे दिल्ली, लोकसभा जाने दीजिए। मैं इस मुद्दे को पीएम मोदी के सामने उठाऊंगा। अगर न्याय नहीं मिला तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। इतिहास क्या कहेगा? लड़की के साथ ऐसा कैसे हुआ?'
राहुल और प्रियंका गांधी ने योगी पर किया हमला
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस क्रूर घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने इस घटना को दिल दहला देने वाला और शर्मनाक बताया। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी घटना की निंदा करते हुए यूपी को 'जंगल राज' कहा।