पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने शुक्रवार को दावा किया है कि कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी है। सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि उनके बेटे पर हमला किया गया है। जग्गू भगवानपुरिया जेल में बंद है।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि एक सहयोगी ने बेटे से मुलाकात की थी। उसके एक घंटे के भीतर ही उस पर गोली चलाई गई है। सुखजिंदर सिंह रंधावा, दिल्ली में हैं और संसद से मॉनसून सत्र में हिस्सा में हिस्सा ले रहे हैं।
सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा वह किसी भी गैंगस्टर की धमकी से डरने वाले नहीं हैं। अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने राज्य को गैंग्सटर्स के लिए स्वर्ग बना दिया है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो गई है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या, बंबीहा गैंग का आया नाम
जग्गू भगवानपुरिया कौन है?
जग्गू भगवानपुरिया पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है। उसका असली नाम जसदीप सिंह है। वह पंजाब के गुरदासपुर जिले के भगवानपुर गांव का रहने वाला है। राज्य में उसके ड्रग सिंडिकेट भी चलते हैं। पंजाब में वह वसूली किंग नाम से भी चर्चित है।
128 से ज्यादा मुकदमे हैं दर्ज
अपराधी बनने से पहले जग्गू कबड्डी खिलाड़ी था। हाई स्कूल के बाद वह अपराध की दुनिया में आया और धीरे-धीरे अपना गिरोह खड़ा कर लिया। उसके गैंग के तार पंजाब के साथ-साथ कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान में फैले हुए हैं। वह असम की सिलचर जेल में बंद है। जग्गू भगवानपुरिया पर 128 से ज्यादा केस दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: मकसद-मंजिल एक, फिर कैसे गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई में हुआ झगड़ा?
कई हत्याकांड में सामने आ चुका है नाम
साल 2021 में हुए राधा कंधोवालिया हत्याकांड में जग्गू का नाम सामने आया था। उसके गुर्गों ने हत्या की थी। साल 2015 में संजीव कुमार उर्फ बब्बा की हत्या में भी इसका नाम सामने आया था। साल 2018 में कांग्रेस पार्षद गुरदीप पहलवान की हत्या में भी इसका नाम आया था।