महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विदेशी नागरिक के पेट से गोलियां निकली और इन गोलियों में कोकीन था जिसे जब्त किया गया है। इतने कोकीन की कीमत लगभग 8.66 करोड़ रुपये आंकी गई है। कोकीन पकड़े जाने के बाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारी ने यह जानकारी मीडिया को दी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान युगांडा का एक नागरिक असहज दिखा, जिसके बाद एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन विभाग के सुरक्षा अधिकारियों को उनपर शक हो गया। जब उसकी जांच की गई तो पता चला की वह पेट में कोकीन छिपा कर ले जाने की कोशिश कर रहा था।
अधिकारी ने बताया कि 24 और 25 मई की रात को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर युगांडा का एक नागरिक पहुंचा था। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान वह व्यक्ति असहज दिखाई दिया। इसके बाद सुरक्षा जांच में शामिल अधिकारियों को उस पर शक हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने उससे पूछताछ की जिसके बाद उनका संदेह और ज्यादा बढ़ गया। अधिकारियों ने उनकी मेडिकल जांच करवाई जिसमें पता चला कि उन्होंने पीले रंग की गोलियां निगल ली हैं। इन पीले रंग की गोलियों में कोकीन था।
यह भी पढ़ें- लखनऊः IT दफ्तर में मारपीट, एक अफसर ने दूसरे पर पेपरवेट से किया हमला
सर्जरी करके निकाली गोलियां
मेडिकल जांच में यह बात सामने आई की उनके पेट में पीले रंग की गोलियां हैं। इसके बाद उनकी सर्जरी करवाई गई और इन गोलियों को निकाला गया। अधिकारी के अनुसार, इन गोलियों में कोकीन थी। अधिकारी ने बताया, 'उनके पेट से जो गोलियां निकली हैं, उनमें 8.66 करोड़ रुपये का 886 ग्राम कोकीन मिला है।'
पुलिस कर रही जांच
इस मामले के सामने आने के बाद युगांडा के इस आरोपी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा, 'शुरुआती जांच में आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।' इस मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस व्यक्ति के साथ और कौन-कौन शामिल है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि इसके पास यह कोकीन आया कहां से था। इस व्यक्ति के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें- नहीं हुई थी अकबर की जोधा से शादी! राजस्थान के गवर्नर ने किया दावा
एक दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
इस मामले के सामने आने से ठीक एक दिन पहले भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था। एक दिन पहले मुंबई के ही एक अस्पताल से राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने 6.3 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया था। इस मामले में एक यात्री को गिरफ्तार किया गया था और सोने के खरीदार को भी पकड़ लिया गया था। अधिकारियों ने बताया था कि उन्हें बैंकॉक से मुंबई आ रहे एक यात्री के खिलाफ सूचना मिली थी। इस जानकारी के आधार पर यात्री को पकड़ गया।