हरियाणा के पंचकूला में गुरुवार देर रात गोलीबारी की घटना हुई। गोलीबारी की यह घटना पंचकूला के पिंजौर में अमरावती मॉल के सामने हुई है। कुछ हमलावरों ने दो लोगों पर कई राउंड गोलियां चलाईं। इसमें एक शख्स की तो मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 5 लोग एक कार से मॉल में मूवी देखने आए थे। मूवी देखकर जैसे ही वह गाड़ी में बैठने लगे उनपर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली गाड़ी के शीशे पर लगी। इसके बाद हमलावरों ने 2 लोगों को टारगेट कर उनपर कई राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में सोनू नोल्टा नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। वहीं दूसरे घायल व्यक्ति को पहले पंचकूला के सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ स्थित PGI रेफर कर दिया।
यह भी पढ़े-- ब्लू स्टार की बरसी पर स्वर्ण मंदिर में गूंजा 'खालिस्तान जिंदाबाद'
पुलिस ने क्या बताया?
इस घटना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पंचकूला की डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया, 'रात करीब 10.45 बजे हमें सूचना मिली कि फायरिंग की घटना हुई है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि सोनू नोल्टा नाम और एक अन्य व्यक्ति को कुछ बदमाशों ने गोली मार दी है। घटना में सोनू नोल्टा की मौत हो गई है। दूसरा घायल व्यक्ति खतरे से बाहर है।'
जब उनसे सोशल मीडिया पर हमले की जिम्मेदारी लेने वाली वीडियो के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'कुछ लोगों ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली है, हम इसकी आगे जांच कर रहे हैं।'
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने किया हमला?
इस घटना के तार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ रहे हैं। गोलीबारी होेने के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया जिसमें 2 लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इस वीडियो में दावा किया गया कि यह हमला गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के कहने पर किया गया था। पुलिस अभी इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।