गोवा के शिरगांव में श्री लैराई देवी मंदिर में एक बड़ा हादसा हुआ जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। यहां हर साल लैराई देवी यात्रा होती है, जिसमें हजारों लोग आते हैं। इस बार भी गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से करीब 50 हजार लोग शामिल हुए थे। इस दौरान भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई। हादसा सुबह 3 से 5 बजे के बीच हुआ। लैराई देवी मंदिर पणजी से 40 किलोमीटर दूर है।
पुलिस के अनुसार, मंदिर के पास एक ढलान वाली जगह थी जहां पर हजारों लोग जमा थे। कुछ लोग इस ढलान पर गिर गए, जिससे ऊपर से लोग उन पर गिरने लगे। भीड़ में अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर कुचलते चले गए। कुछ लोगों का कहना है कि अफवाह फैलने की वजह से भी भगदड़ हुई लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई। बता दें कि यह एक बड़ा धार्मिक उत्सव था, जिसमें लोग मंदिर में प्रार्थना करने और पारंपरिक फायर वॉकिंग रस्म में हिस्सा लेने आए थे। मंदिर में अनुमान से अधिक लोग आ गए थे।
यह भी पढ़ें: लइराई जात्रा: देवी की कृपा के लिए अंगारों पर चलते हैं भक्त
अब तक कितनी मौतें?
सुबह 7:39 बजे तक नॉर्थ गोवा के एसपी अक्षत कौशल ने बताया कि 6 लोग मारे गए और 50 से 70 लोग घायल हैं। मरने वालों में से कुछ के नाम है: सूर्या मायेकर (साखली, बिचोलिम), प्रतिभा कलंगुटकर (कुंभारजुआ), यशवंत केरकर (थिविम), सागर नंदरगे (मठवाडा, पिलिगांव), आदित्य कौठांकर और तनुजा कौठांकर (दोनों औचित वाडा, थिविम)
क्या कदम उठाए गए?
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने घायलों को हर संभव मदद का भरोसा दिया और अगले 3 दिन के लिए सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से बात की और केंद्र से पूरी मदद का आश्वासन दिया। गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि 5 एंबुलेंस तुरंत भेजी गईं और नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में ICU तैयार की गई। अतिरिक्त डॉक्टर भी बुलाए गए। पुलिस और कलेक्टर जांच कर रहे हैं कि हादसा कैसे हुआ। गोवा पुलिस ने पहले ट्वीट किया था कि उन्होंने भीड़ को संभालने के लिए 400 पुलिसकर्मी तैनात किए थे लेकिन फिर भी यह हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें: 'मर जाऊंगा, पाकिस्तान नहीं जाऊंगा', नोटिस पर J-K के पुलिसकर्मी का जवाब
क्या कमी थी?
पुलिस ने बताया कि 50,000 से ज्यादा लोग थे लेकिन इस भीड़ को संभालने की पूरी तैयारी नहीं थी। मंदिर तक जाने का रास्ता संकरा और ढलान वाला था, जिससे हादसा बढ़ गया। पुलिस ने कहा कि इस उत्सव में पहली बार ऐसा हुआ, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करने में कमी साफ दिखी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राहुल गांधी और गोवा बीजेपी अध्यक्ष दामू नाइक ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।