पंजाब-हरियाणा समेत पूरे देश में आज बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर मार्च करेंगे। इस मार्च की तैयारियों के लिए शनिवार को किसान संगठन ने एक बैठक की थी। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसानों ने कभी भी देश को निराश नहीं किया। हमारे किसान हड़ताल पर हैं। पंजाबी कभी अपना सिर नहीं झुकाते, कुछ लोग पंजाब को अस्थिर करना चाहते हैं।
200 जगहों पर ट्रैक्टर मार्च
गणतंत्र दिवस के मौके पर आज किसान 200 से अधिक जगहों पर अपना ट्रैक्टर मार्च करेंगे। इसका असर पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। इस राष्ट्रव्यापी मार्च को लेकर किसान नेताओं ने कहा कि वह 26 जनवरी दोपहर 12 बजे से 1:30 बजे तक अपने ट्रैक्टर को भाजपा कार्यालयों, शॉपिंग मॉल के बाहर लगाएंगे।
बता दें कि संयुक्त किसान मोर्चा और पंजाब के किसान संगठन एसकेएम और किसान मजदूर मोर्चा के सदस्यों ने भी ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया है। पंजाब में ट्रैक्टर मार्च तहसील स्तर पर किया जाएगा। इस दौरान ट्रैक्टर अपने-अपने गांव से तहसील पॉइंट तक जाएंगे और फिर अपने-अपने गांव लौट जाएंगे। विरोध प्रदर्शन 100 तहसीलों में किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 14 फरवरी को केंद्र और किसानों की बैठक, क्या डल्लेवाल तोड़ेंगे अनशन?
पंजाब के CM का किसानों के लिए समर्थन
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों का समर्थन किया और कहा, 'पंजाब के किसानों ने कभी भी देश को निराश नहीं किया। हमारे अन्नदाता आमरण अनशन और हड़ताल कर रहे हैं। भारत सरकार को किसानों से बात करनी चाहिए ताकि ट्रैक्टर खेतों की ओर मुंह करके चलें। पंजाबी कभी अपना सिर नहीं झुकाते, कुछ लोग पंजाब को अस्थिर करना चाहते हैं।'
डल्लेवाल का 62वें दिन भी अनशन जारी
बता दें कि रविवार को 62वें दिन किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन जारी रहा। हालांकि, ग्लूकोज चढ़ाने और मेडिकल ट्रीटमेंट लेने के बाद उनकी सेहत में सुधार हो रहा है।