बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के मुखिया लालू यादव ने अपने पोते का नामकरण कर दिया है। उन्होंने अपने छोटे बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के नवजात बेटे का नामकरण करके इसकी जानकारी बुधवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट में दी। इस पोस्ट में उन्होंने एक फोटो भी शेयर किया है जिसमें लालू और उनकी पत्नी राबड़ी देवी के साथ बेटा तेजस्वी और उनकी पत्नी राजश्री भी हैं। लालू ने अपने नवजात पोते का नाम 'इराज लालू यादव' रखा है। उन्होंने यह भी बताया है कि उन्होंने पोते का यह नाम क्यों चुना।
तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं इससे पहले उनकी पत्नी ने 2023 में एक बेटी को जन्म दिया था। तेजस्वी यादव ने मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर अपने बेटे के जन्म की जानकारी देते हुए लिखा था, 'हमारे नन्हे बेटे के जन्म की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं। जय हनुमान!' मंगलवार का दिन हनुमान जी का दिन माना जाता है इसलिए उनके बेटे का नाम भी हनुमान जी के नाम पर ही रखा गया है। लालू यादव ने बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने अपने पोते का नाम 'इराज' रखा है। उन्होंने यह भी बताया कि बेटे का यह नाम क्यों चुना गया।
यह भी पढ़ें- हरियाणाः CET परीक्षा का नोटिफिकेशन जारी, 28 मई से होगा आवेदन
क्या बोले लालू यादव?
लालू यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर अपने पोते के नाम की घोषणा की। उन्होंने लिखा, 'हमारी पोती कात्यायनी के छोटे भाई का नाम मैंने और राबड़ी देवी ने 'इराज' रखा है।' इसके बाद उन्होंने बताया कि तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री ने बच्चे का पूरा नाम 'इराज लालू यादव' रखा है। लालू यादव ने यह भी बताया कि उनकी पोती का जन्म नवरात्रि में हुआ था जिस कारण उसका नाम भी देवी के नाम पर रखा गया है। उन्होंने लिखा, ' कात्यायनी का जन्म नवरात्रि शुभ दिनों में हुआ था। उसका जन्म नवरात्रि के 6वें दिन कात्यायनी अष्टमी को हुआ था और इस नन्हे बच्चे का जन्म बजरंग बली हनुमान जी के मंगल दिवस मंगलवार को हुआ है। इसलिए उसका नाम इराज रखा गया है। आप सभी की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद! नवजात और उसकी माँ स्वस्थ हैं।'
इराज नाम का क्या अर्थ?
इराज एक संस्कृत शब्द है, जिसके हिंदी में कई अर्थ निकलते हैं। इराज नाम का शाब्दिक अर्थ फूल, खुशी और आदि जल से पैदा हुआ व्यक्ति है। कामदेव का दूसरा नाम भी इराज ही है। इसके अलावा, कुछ लोग इराज को भगवान हनुमान के साथ भी जोड़ते हैं। उनका तर्क है कि इराज का अर्थ पवन से पैदा होने वाला व्यक्ति है और भगवान हनुमान को भी पवन पुत्र कहा जाता है। लालू यादव के पोते का जन्म मंगलवार की सुबह हुआ है और मंगलवार को भगवान हनुमान जी का दिन माना जाता है। इसलिए लालू ने अपने पोते का नाम इराज रखा है।
यह भी पढ़ें: 'हम कुछ नहीं कर सकते', सिंधु जल संधि पर वर्ल्ड बैंक ने क्या कहा?
तेजप्रताप यादव ने भी जताई खुशी
लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री ने मंगलवार सुबह एक लड़के को जन्म दिया। इस बच्चे के जन्म के बाद से ही लालू परिवार में खुशियों की लहर दौड़ गई है। परिवार के सभी लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपनी खुशी जाहिर की। अनुष्का यादव के साथ फोटो वायरल होने के बाद लालू यादव ने अपने बड़े बेटे को पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
हालांकि, तेज प्रताप यादव ने भी भतीजे के जन्म पर खुशी जाहिर करते हुए पोस्ट किया। उन्होंने लिखा,'श्री बांके बिहारी जी के असीम कृपा व आशीर्वाद से नवजात शिशु के जन्म पर मुझे बड़े पापा बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। छोटे भाई तेजस्वी प्रसाद यादव एवं राजश्री यादव को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। भतीजे को मेरा प्यार और आशीर्वाद।'