logo

ट्रेंडिंग:

वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड; 5 की मौत, 14 घायल, 18 ट्रेनें रद्द

जम्मू के डोडा में बाढ़ के बाद अब रियासी जिले के माता वैष्णो देवी मार्ग पर भारी लैंडस्लाइड के कारण काफी तबाही हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया  गया है।

लैंडस्लाइड के बाद की स्थिति । Photo Credit: PTI

लैंडस्लाइड के बाद की स्थिति । Photo Credit: PTI

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में त्रिकूट पर्वत के ऊपर मंगलवार दोपहर भूस्खलन होने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 5 लोगों की मौत हो गई और 14 लोग घायल हो गए। भारी बारिश के कारण यह हादसा अर्द्धकुमारी के पास इंद्रप्रस्थ भोजनालय के आसपास हुआ। इसके बाद माता वैष्णो देवी की यात्रा को पूरी तरह रोक दिया गया है। 

 

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर बताया कि भूस्खलन दोपहर करीब 3 बजे हुआ। बचाव कार्य तेजी से चल रहा है और घायलों को मदद दी जा रही है। हिमकोटी मार्ग पर पहले ही यात्रा बंद थी, लेकिन भारी बारिश के कारण पुराने मार्ग पर भी दोपहर 1:30 बजे के बाद यात्रा रोक दी गई।

 

यह भी पढे़ंः जम्मू में तबाही लाई बारिश, डोडा में फ्लैश फ्लड; नदी-नाले सब उफान पर

 

दिन में पहले ही हिमकोटि रूट पर यात्रा को बंद कर दिया गया था। इसलिए तीर्थ यात्रियों ने पुराने मार्ग के जरिए ही दिन के डेढ़ बजे तक की यात्रा की। बाद में अधिकारियों ने इस पर रोक लगा दी।

 

 

भारी बारिश का कहर  

पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तबाही मचाई है। डोडा जिले में मंगलवार सुबह बादल फटने से 4 लोगों की मौत हो गई। इस तरह 24 घंटे में कुल 9 लोगों की जान चली गई। बादल फटने से डोडा में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे 10 से ज्यादा घर क्षतिग्रस्त हो गए।

अमित शाह ने की बात

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री से बात की है और घायलों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन राहत कार्य में जुटा हुआ है।

 

नदी-नाले उफान पर  

जम्मू-कश्मीर में लगभग सभी प्रमुख नदियां और नाले खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रहे हैं। पहलगाम की बेताब घाटी में शेषनाग नाला अपने रिकॉर्ड स्तर 5.68 फीट को पार कर 6.02 फीट तक पहुंच गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि झेलम नदी का जलस्तर मंगलवार शाम तक और बढ़ सकता है।

 

जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग बंद

भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। रामबन जिले के चंदेरकोट, केला मोड़ और बैटरी चश्मा में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुईं। यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य रास्ता है। उधमपुर और काजीगुंड में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

18 ट्रेनें रद्द  

उत्तरी रेलवे ने कटरा, उधमपुर और जम्मू रेलवे स्टेशनों से 18 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। बारिश के कारण ऑप्टिकल फाइबर केबल खराब होने से कई जगहों पर नेटवर्क सेवाएं ठप हो गई हैं। लोग इंटरनेट और कॉलिंग सुविधाओं का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें- भारत, पाकिस्तान और नेपाल में क्यों बढ़ रहीं बादल फटने की घटनाएं?

प्रशासन का अलर्ट  

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। लोगों से पहाड़ी इलाकों और नदियों के पास न जाने की सलाह दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश के कारण स्थिति और बिगड़ सकती है। अर्द्धकुमारी में भूस्खलन के बाद बचाव टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन और श्राइन बोर्ड स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

 

 

लैंडस्लाइज से प्रभावित लोगों के लिए अलग से एक हेल्पलाइन जारी की गई है जिस पर अपडेट के लिए संपर्क किया जा सकता है। यह फोन नंबर है- 9906019460/9906019446

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap