गाली वाले वीडियो से चर्चा में आए राहिल शेख और राजश्री मोरे कौन हैं?
राज्य
• MUMBAI 08 Jul 2025, (अपडेटेड 08 Jul 2025, 1:21 PM IST)
मुंबई में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजश्री मोरे ने राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के नेता जावेद शेख के बेटे राहील शेख पर बदसलूकी करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।

राहिल शेख और राजश्री मोरे। (Photo Credit: Social Media)
महाराष्ट्र में राज ठाकरे की पार्टी MNS के नेता के बेटे ने नशे की हालत में खूब बवाल किया। नशे में धुत होकर उसने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर राजश्री मोरे के साथ बदतमीजी की भी। उसका नाम राहील शेख है, जो नशे में धुत होकर गाड़ी चला रहा था। राजश्री मोरे ने इस घटना का वीडियो भी साझा किया है। राजश्री ने बताया है कि राहील नशे की हालत में था और आधा नंगा था।
इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। राजश्री ने दावा किया है कि राहील ने कई बार उनकी गाड़ी को टक्कर मारी थी। इसके बाद दोनों बहस शुरू हो गई, जो बाद में गाली-गलौज में तब्दील हो गई। बताया जा रहा है कि राहील इतना नशे में था कि उसे कुछ भी होश नहीं था। उसने न सिर्फ राजश्री के साथ बदसलूकी की, बल्कि पुलिस वालों के साथ भी बदतमीजी भी की।
इस मामले में पुलिस ने राहील शेख के खिलाफ केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है।
यह भी पढ़ें-- मराठी vs हिंदी: महाराष्ट्र का झगड़ा बिहार कैसे पहुंच गया?
क्या है यह पूरा मामला?
यह घटना रविवार रात को तब हुई, जब राजश्री मोरे गोरेगांव से अंधेरी जा रही थीं। उन्होंने दावा किया है कि राहील नशे में था, वह बार-बार उनकी गाड़ी को टक्कर मार रहा था और बाद में उसने गाली-गलौज भी की।
राजश्री ने NDTV को बताया, 'एक SUV बार-बार मेरी कार को टक्कर मार रही थी। पहले मुझे लगा कि यह गलती से हो रहा है लेकिन फिर मुझे अहसास हुआ कि मुझे टारगेट किया जा रहा है। मैं अपने घर के पास एक संकरी गली में मुड़ी, जहां से सिर्फ एक ही कार गुजर सकती है। मैंने अपने ड्राइवर से पूछा कि क्या हमारी कार के गेट लॉक हैं। फिर मैंने पास खड़े दो कॉन्स्टेबल को कार में बैठाया। उसके बाद भी वह हमें टक्कर मारता रहा।'
उन्होंने आगे दावा किया कि राहील ने पुलिस वालों के साथ भी बदतमीजी की। वह अपने पिता जावेद शेख के नाम पर धमकी देने लगा। उन्होंने बताया कि वह बार-बार कह रहा था कि 'मेरे पिता MNS के राज्य उपाध्यक्ष हैं।'
उन्होंने बताया, 'जब उसने मुझे देखा तो गाली देने लगा। इसलिए मैं इसकी रिकॉर्डिंग करने लगी। वह नशे में था और आधा नंगा था। उसकी पेंट खिसक रही थी। उसे इतना होश नहीं था कि वह आधा नंगा है लेकिन उसे यह याद था कि उसके पिता कौन हैं। उसने मुझे गाली दी और धमकी दी कि मैं जो कुछ कर रही है, उसकी मुझे कीमत चुकानी पड़ेगी।'
यह भी पढ़ें-- महाराष्ट्र से तमिलनाडु तक, मुद्दे नहीं, 'हिंदी' बढ़ा रही BJP की टेंशन
कौन हैं राजश्री मोरे?
राजश्री मोरे खुद को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताती हैं। वह लोखंडवाला में एक नेल आर्ट स्टूडियो भी चलाती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 30 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर कई बॉलीवुड सेलेब्रिटीज के साथ वीडियो भी पोस्ट करती रहती हैं।
हाल ही राजश्री तब विवादों में पड़ गई थी, जब उन्होंने मराठी भाषा लागू करने पर अपनी राय रखी थी। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट कर कहा था कि मराठी लागू करने पर ध्यान देने की बजाय, मराठियों को अपनी मेहनत पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर प्रवासी मजदूर चले गए तो मुंबई का विकास कैसे होगा। उन्होंने कथित तौर कहा था, 'महाराष्ट्र के लोग ज्यादा मेहनत नहीं करते हैं। अगर दूसरे राज्यों से आए लोगों ने मुंबई छोड़ दिया तो स्थानीय लोगों को ही इससे परेशानी होगी।'
इस वीडियो के MNS कार्यकर्ता नाराज हो गए थे। उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन भी हुए थे। इस मामले में राजश्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज की गई थी। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने वीडियो हटा लिया था और माफी भी मांग ली थी।
यह भी पढ़ें-- अपनी वापसी के लिए महाराष्ट्र में 2005 वाला दौर ला रहा है ठाकरे परिवार?
कौन हैं राहील शेख?
जिस रात यह घटना हुई, उसी वक्त राहील ने राजश्री से कहा, 'जाओ और पुलिस वालों को बताओ कि मैं जावेद शेख का बेटा हूं। तब तुम्हें पता चलेगा कि क्या होगा।'
राजश्री ने अपने वीडियो में राहील के पिता का आईडी कार्ड भी दिखाया है, जिससे पता चलता है कि उसके पिता जावेद शेख राज्य में MNS के उपाध्यक्ष हैं।
न्यूज 18 ने पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया है कि राहील के पास MBA की डिग्री है। वह लोखंडवाला ने अपने एक दोस्त से मिलने गया था, जो हाल ही में लंदन से लौटकर आया था। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। उसी रात राहील की मां ने उससे घर आने को कहा था। वह नशे की हालत में ही घर लौट रहा था और तभी उसे कथित तौर पर राजश्री की कार को टक्कर मारी थी।
क्या जानबूझकर राजश्री को किया गया टारगेट?
राजश्री का दावा है कि राहील ने जानबूझकर उन्हें टारगेट किया था। दरअसल, महाराष्ट्र और मराठी भाषा विवाद पर अपने वीडियो को लेकर राजश्री MNS के निशाने पर आ गई हैं।
उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'महाराष्ट्रियन होने के बावजूद मुझे इसलिए टारगेट किया जा रहा है, क्योंकि मैंने दूसरे राज्यों से आकर यहां काम करने वालों की बात की। मैंने मांग की कि उन्हें परेशान न किया जाए और काम करने दिया जाए। उन्होंने मुझे 'विभीषण' कहा। मैं सबकी इज्जत करती हूं। मुंबई हम सबको साथ लाता है। महाराष्ट्र सबका है और इसलिए मैंने अपनी आवाज उठाई।'
#WATCH | Mumbai: "...I was targeted because despite being a Maharashtrian, I raised my voice for people from different backgrounds who come here to work hard...Maharashtra belongs to everyone..," says social media influencer Rajshree More who says she was abused by a youth… pic.twitter.com/FoXdMYNITM
— ANI (@ANI) July 7, 2025
उन्होंने MNS कार्यकर्ताओं पर धमकाने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा, '200 से ज्यादा लोग आए और मुझे माफी मांगने को कहने लगे। मुझे धमकी दी कि अगर मैंने माफी नहीं मांगी तो मेरे स्टूडियो में तोड़फोड़ कर देंगे। मैं डर गई थी। आखिर मैं कहां सेफ हूं?'
यह भी पढ़ें-- कभी जिगरी भाई, कभी सियासी दुश्मन, कैसे बने-बिगड़े उद्धव-राज के रिश्ते?
FIR दर्ज लेकिन गिरफ्तारी नहीं
इस मामले में पुलिस ने राहील शेख के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। मामले में राहील के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 (महिला को अपमानित करने के इरादे से कोई काम करना), धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और धारा 125 और 128 (नशे की हालत में ड्राइव करना) के तहत केस दर्ज किया गया है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद 7 जुलाई को राहील को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उसका मेडिकल चेकअप किया गया था। इस दौरान उससे 6 घंटे तक पूछताछ भी की गई थी। पुलिस ने राहील की कार को भी जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है।
वहीं, मामला सामने आने के बाद राहील को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने माफी भी मांगी। राहील ने दावा किया कि उस वक्त उसने जो किया, उसका उसे अहसास नहीं था।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap