ओडिशा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रविवार को दक्षिण ओडिशा के मलकानगिरी में 15 साल की एक लड़की जब अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रही थी तभी तीन बदमाशों ने उसका अपहरण किया और उसका रेप किया। इसके बाद जब पीड़ित लड़की अपने घर वापस आने की कोशिश कर रही थी, तभी एक ट्रक ड्राइवर ने भी उसका यौन उत्पीड़न किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और अन्य तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि लड़की का अपहरण कर तीन व्यक्तियों ने उसका रेप किया। इसके बाद उन्होंने लड़की को छोड़ दिया और जब लड़की वापस घर आने की कोशिश कर रही थी, तभी मलकानगिरी-जयपुर हाइवे पर बीजाघाटी में एक ट्रक ड्राइवर ने उसे रोक लिया। ट्रक ड्राइवर ने भी उसका रेप किया। आखिर में कुछ स्थानीय लोगों ने उसे बचाया और पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह भी पढ़ेंः शारदा यूनिवर्सिटी: छात्रा की खुदकुशी पर हंगामा, FIR दर्ज
अपहरण कर किया रेप
जिस लड़की के साथ यह घटना हुई है वह मलकानगिरी सदर ब्लॉक की रहने वाली है और अपने एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में गई थी। रविवार देर शाम जब वह बर्थडे पार्टी से वापस आ रही थी, तभी तीन व्यक्तियों ने उसका अपहरण कर लिया। वह तीनों उसे मलकानगिरी टाउन से 10-15 किलोमीटर दूर किसी जगह पर लेकर गए। तीनों ने कथित तौर पर उस लड़की को प्रताड़ित किया और बारी-बारी से उसके साथ रेप किया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
मलकानगिरी के SP विनोद पाटिल ने कहा, 'ट्रक ड्राइवर समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान मनोज हरिजन, रोहित कुमार हियाल, बीरा भरतिया और ड्राइवर सोभम सिंह के रूप में हुई है।'
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस घटना के बाद कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और हिंसा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में लिखा, 'आज मलकानगिरी में हुई गैंगरेप की घटना और पुरी में हुई यौन उत्पीड़न की खबरें बहुच चिंताजनक हैं। ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराध अब तेजी से बढ़ रहे हैं। स्कूल, कॉलेज या ट्यूशन से लौट रही लड़कियां भी सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। महिलाओं के लिए हर दिन खतरे से भरा रहता है।'
उन्होंने कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार को महिलाओं की सुरक्षा के लिए तुरंत जरूरी कदम उठाने होंगे।