ओडिशा के गजपति जिले में महिलाओं के एक समूह ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाले एक व्यक्ति की हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को बताया कि महिलाओं ने एक 60 साल के व्यक्ति की हत्या कर दी और हत्या के बाद उसकी लाश को जला दिया। पुलिस ने इस मामले में कुल 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अभी जांच जारी है।
यह मामला तब सामने आया जब मृतक के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी। मोहना थाना प्रभारी बसंत सेठी ने कहा, 'हमें पता चला कि उस व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी और उसके बाद उसके शव को जला दिया गया था।' जिन 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें 8 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। महिलाओं ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: राजा रघुवंशी मामले में नया खुलासा, सिर पर था घाव, लगी थीं दो चोटें
बलात्कार के आरोप में की हत्या
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना 3 जून की रात को हुई। मृतक ने कथित तौर पर 52 साल की एक विधवा महिला के साथ बलात्कार किया। बलातत्कार पीड़ित विधवा महिला और उसक आरोपी के पिछले यौन उत्पीड़न की पीड़ितों सहित कुछ महिलाओं ने एक बैठक की और उसे मार डालने का निर्णय लिया। इसके बाद महिलाओं ने इस घटना को अंजाम दिया।
हत्या करके जला दिया शव
महिलाओं ने बैठक के बाद उस व्यक्ति को मारने के लिए योजना बनाई। महिलाएं उसके घर गईं और उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधिकारी ने बताया, 'वे उसके घर गईं, जहां वह सो रहा था और 52 साल की विधवा ने अन्य लोगों की मदद से उस व्यक्ति की हत्या कर दी। दो पुरुषों ने भी महिलाओं की सहायता की थी।' हत्या करने के बाद आरोपियों ने उस व्यक्ति का शव करीब 2 किलोमीटर दूर एक जंगल के पास पहाड़ी पर ले जाकर जला दिया। पुलिस ने इस पहाड़ी से जली हुई अस्थियां और राख बरामद की हैं।
यह भी पढ़ेंः शर्मिष्ठा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाला वजाहत खान गिरफ्तार
महिलाओं ने स्वीकार किया अपना जुर्म
इस घटना के बाद पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें 8 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। गिरफ्तार की गई महिलाओं ने यह मान लिया है कि उन्होंने ही हत्या की है। मोहना थाना प्रभारी बसंत सेठी ने कहा, 'गिरफ्तार की गई 6 महिलाओं ने यह स्वीकार किया है कि उस व्यक्ति ने उनका यौन शोषण किया था। उन्होंने यौन शोषण का शिकार होने के बाद अपना बदला लेने के लिए यह कदम उठाया।' गजपति के पुलिस अधीक्षक जतिंद्र कुमार ने कहा, 'महिलाओं ने उस व्यक्ति (मृतक) के खिलाफ पुलिस से शिकायत नहीं की थी और न ही कभी किसी तरह की मदद मांगी थी।'
पुलिस इस मामले की अभी जांच कर ही रही है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। जिन 2 पुरुषों को गिरफ्तार किया गया है पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। इन दोनों पर इस हत्या में महिलाओं की मदद करने का आरोप है।