logo

ट्रेंडिंग:

महाराष्ट्र में 13,500 महिलाओं में कैंसर होने का शक, सर्वे में खुलासा

सर्वे में 3,500 महिलाओं में स्तन कैंसर के संदिग्ध लक्षण के साथ में 2,000 महिलाओं में कैंसर के कुछ अन्य प्रकारों के अलावा 'ओरल कैंसर' के संदिग्ध लक्षण भी पाए गए हैं।

Hingoli women cancer

प्रतीकात्मक तस्वीर।

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले से मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, स्थानीय प्रशासन ने एक अभियान चलाया था, जिसके दौरान 13,500 से भी ज्यादा महिलाओं में अलग-अलग तरह के कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं। हिंगोली के डीएम ने मंगलवार को यह जानकारी दी है। हिंगोली जिला मराठवाड़ा क्षेत्र में आता है। 

 

डीएम अभिनव गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान को 'संजीवनी अभियान' नाम दिया गया जिसका उद्देश्य कैंसर की तुरंत जांच और उसका निपटारा करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान, लगभग 7,000 महिलाओं में गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर (सर्विकल कैंसर) के संदिग्ध लक्षण पाए गए।

 

3,500 महिलाओं में स्तन कैंसर

 

जिलाधिकारी ने आगे बताया कि लगभग 3,500 महिलाओं में स्तन कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं। वहीं, 2,000 महिलाओं में कैंसर के कुछ अन्य प्रकारों के अलावा 'ओरल कैंसर' के संदिग्ध लक्षण भी पाए गए हैं। गोयल ने बताया, 'विशेषज्ञ डॉक्टरों की मदद से आशा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग तरह के कैंसर के लक्षणों के बारे में मराठी भाषा में प्रश्नावली के जरिए प्रशिक्षित किया गया है।'

 

 

'संजीवनी अभियान' में आया सामने

 

उन्होंने बताया कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर संजीवनी अभियान शुरू किया गया था। इस अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने जिले की लगभग 3.5 लाख महिलाओं से संपर्क करके उसे बातचीत की। बातचीत के बाद यह हैरान करने वाला आंकड़ा सामने आया है। 

 

यह भी पढ़ें: जयपुर ब्लास्ट केस: 4 दोषियों को आजीवान कारावास की सजा, 71 की गई थी जान

 

डीएम अभिनव गोयल बताया, '3.5 लाख महिलाओं में से 13,500 से ज्यादा महिलाओं में कैंसर के संदिग्ध लक्षण पाए गए हैं।' गोयल ने कहा कि जांच का पहला चरण पूरा हो चुका है और आगे अन्य परीक्षण किए जाएंगे।

 

महिलाओं की होगी निःशुल्क जांच 

 

उन्होंने कहा कि हम प्रोटोकॉल के मुताबिक, ग्रामीण अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इन महिलाओं पर आगे की जांच निःशुल्क करेंगे। वही, कहा कि जब वो लातूर के डीएम थे तो उन्होंने एक पायलट प्रोजेक्ट चलाया था, जिसमें बायोप्सी के बाद प्री-कैंसर चरण के कुछ रोगियों का पता लगाया गया था। उन्होंने कहा, 'मेरा ध्यान हमेशा से शरुआती जांच और शुरुआती निपटारे पर रहा है।' कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसमें असामान्य कोशिकाओं का विकास होता है जो अनियंत्रित रूप से बंटी होती हैं और शरीर के टिशू को खराब करती हैं।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap