दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 17 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास की कैंची से हत्या कर दी। हत्या का कारण पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों पर होने वाले झगड़े बताए जा रहे हैं। घटना के दो दिन पहले ही उन्होंने अपने बेटे का जन्मदिन मनाया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम योगेश सहगल है। वह पहले एक ज्वैलरी की दुकान पर कारीगर के रूप में काम करता था, लेकिन हाल ही में उसकी नौकरी छूट गई थी। योगेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय प्रिया सहगल (योगेश की पत्नी) और 63 वर्षीय कुसुम सिन्हा (प्रिया की मां) के रूप में हुई है। दंपति के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 15 और 16 साल है।
यह भी पढ़ेंः बैंक के कैंटीन में बीफ पर लगाई रोक, कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर करीब 3 बजकर 50 मिनट पर सामने आई, जब कुसुम के बेटे मेघ सिन्हा (30 वर्ष) ने पुलिस को सूचना दी। मेघ ने बताया कि वह अपनी मां से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं उठा। जब वह प्रिया के घर पहुंचे, तो दरवाजा बाहर से बंद था और दरवाजे पर खून के धब्बे दिखे। मेघ ने परिवार वालों को बुलाया और ताला तोड़कर अंदर गए, जहां उन्होंने प्रिया और कुसुम को खून से लथपथ पड़ा पाया। दोनों को कैंची से कई बार गोदा गया था।
मेघ ने बताया, 'मैं अपनी मां को फोन कर रहा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जब मैं उनके घर पहुंचा, तो ताला तोड़ने पर मेरी मां और बहन खून से लथपथ पड़ी थीं। योगेश ने क्रूरता से उनकी हत्या की। वह मेरे भतीजों को भी साथ ले गया। हमें नहीं पता वह क्या चाहता था। हम बस चाहते हैं कि बच्चे सुरक्षित रहें।'
पति-पत्नी में होते थे झगड़े
मेघ ने बताया कि योगेश और प्रिया के बीच छोटी-छोटी बातों पर अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस ने बताया कि दो दिन पहले परिवार ने प्रिया के बेटे का 15वां जन्मदिन मनाया था। इस दौरान दोनों परिवारों के बीच गिफ्ट को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कुसुम अपनी बेटी के घर रुकी थीं ताकि मामले को सुलझाया जा सके, लेकिन झगड़े खत्म नहीं हुए।
बच्चे स्कूल में थे
पुलिस ने बताया कि जब हत्या हुई, तब दोनों बच्चे स्कूल में थे। हत्या के बाद योगेश अपने दोनों बेटों को साथ ले गया था, लेकिन बाद में बच्चों को उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया।
यह भी पढ़ेंः लखनऊ की पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट; 2 की मौत, कई घायल
खून से सने कपड़े बरामद
पुलिस ने बताया कि योगेश को हत्या के एक घंटे के अंदर केएन काटजू मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल की गई कैंची भी बरामद कर ली गई है। डीसीपी (रोहिणी) राजीव रंजन ने बताया कि योगेश का अपनी पत्नी और ससुराल वालों से अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा होता था।
पुलिस ने योगेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।