महाराष्ट्र के पुणे में एक दहला देने वाली घटना सामने आई। कोंढवा इलाके में एक 22 साल की आईटी प्रोफेशनल के साथ दुष्कर्म हुआ। अब इस जघन्य घटना के दो दिन बाद पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने बताया है कि दुष्कर्म का आरोपी महिला का दोस्त है और वह डिलीवरी बॉय बनकर फ्लैट में दाखिल हुआ था। पुलिस ने दो दिन की तलाश के बाद आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी का महिला के साथ अगर कोई पहले से संबंध रहा है तो उसकी भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे कोंढवा इलाके में एक हाउसिंग सोसाइटी में घटी।
दोनों एक दूसरे को जानते हैं
पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता एक दूसरे को जानते थे। पुलिस ने कहा कि आरोपी, महिला का दोस्त है। पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने बताया कि महिला ने खुद ही आरोपी के साथ सेल्फी ली और संदेश लिखा, 'मैं वापस आऊंगी।' समाचार एजेंसी पीटीआई ने कमिश्नर के हवाले से बताया कि दोनों एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं और एक ही समुदाय से हैं।
यह भी पढ़ें: 'गुंडई करोगे तो बर्दाश्त नहीं करेंगे', MNS मारपीट मामले में CM फडणवीस
महिला के फोन से सेल्फी ली
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला के फोन से एक सेल्फी ली, जिसमें उसकी पीठ और उसके चेहरे का कुछ हिस्सा दिखाई दे रहा है। उसने एक मैसेज छोड़ा, जिसमें उसने महिला को चेतावनी दी कि अगर घटना की सूचना किसी को दी तो वह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।
आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उससे कहा कि वह कूरियर डिलीवरी करने वाला है और उसने उसे बैंक से संबंधित कोई दस्तावेज दिखाया। आरोपी बैंक से पार्सल देने आया था। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने दस्तावेज पर हस्ताक्षर के लिए एक पेन मांगा और जैसे ही महिला पेन लाने के लिए पीछे मुड़ी, तो आरोपी घर में घुस गया और केमिकल स्प्रे करते हुए दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में पॉलिटिक्स की बाढ़, जयराम ठाकुर और कंगना रनौत क्यों भिड़ गए?
पुलिस ने बताया, 'महिला को (इसके अलावा) कुछ भी याद नहीं है, क्योंकि उसे रात करीब साढ़े आठ बजे होश आया। इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और घटना के बारे में पुलिस को सूचित किया गया।'
IT कंपनी में काम करती है पीड़िता
पीड़िता कल्याणी नगर की एक IT कंपनी में काम करती है। वह 2022 से अपने छोटे भाई के साथ किराए के फ्लैट में रह रही है। घटना के दिन उसका भाई अकोला गया हुआ था। वह घर पर अकेली थी। इस घटना को 'ब्लैकमेल सेल्फी, केमिकल स्प्रे, नकली पार्सल' का नाम दिया जा रहा है। यह पुणे में हुई एक भयानक घटना है।