पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आज अनुसूचित जाति के 4 हजार से ज्यादा लोगों का कर्ज माफ करने का ऐलान किया है। मंगलवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में यह फैसला लिया गया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया है कि उन लोगों का लोन माफ किया गया है, जिन्होंने अनुसूचित जाति वित्त निगम से मार्च 2020 के पहले लोन लिया था। कुल मिलाकर यह कर्ज 68 करोड़ रुपये का था जिसे अब माफ कर दिया गया है। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने बताया कि जिन लोगों ने कर्ज लिए थे, उनमें से कई तो अब मर चुके हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने कहा है कि इस फैसले से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
इस फैसले की जानकारी देते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, 'देश में SC की सबसे ज्यादा जनसंख्या पंजाब में है। लगभग 34 प्रतिशत जनसंख्या है। SC वर्ग के लोगों ने बहुत बार कांग्रेस की सरकार बनाई, बहुत बार अकाली-बीजेपी की सरकार बनाई लेकिन आज तक 75 साल में एक बार भी किसी भी व्यक्ति का कर्ज माफ नहीं हुआ। पहली बार पंजाब के लोगों ने AAP की सरकार बनाई और दलित वर्ग के हक में सरदार भगवंत सिंह मान जी ने सबसे ब़ड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। हमने मार्च 2020 तक लिए गए लोन को माफ किया है, यह कुल 68 करोड़ रुपये का था।'
यह भी पढ़ें- 'जीत अहम है, विकेट और रन नहीं...', जेट गिरने वाले सवाल पर बोले CDS
4727 परिवारों को मिलेगा फायदा
CM भगवंत मान ने अपने X पोस्ट में इसके बारे में लिखा, 'आज चंडीगढ़ में पंजाब कैबिनेट की एक अहम बैठक बुलाई गई। जिस दौरान वित्त मंत्री हरपाल चीमा जी द्वारा विधानसभा के बजट सत्र में किए वादे को पूरा करते हुए अनुसूचित जाति के परिवारों का 68 करोड़ रुपये का कर्ज़ माफ करने का फैसला लिया गया। पंजाब अनुसूचित जाति भू विकास और वित्त निगम (PSCFC) द्वारा 31 मार्च 2020 तक दिए गए सभी कर्ज माफ किए जाएंगे। इस योजना का लाभ लगभग 4727 परिवारों को मिलेगा। पिछली सरकारों ने इस समुदाय को सिर्फ वोट बैंक समझा लेकिन हमारी सरकार दलित परिवारों का दर्द समझती है। हम उन्हें हमेशा बराबरी, अधिकार और सम्मान देने के लिए वचनबद्ध हैं।'
CM भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'कर्ज लेना किसी का शौक नहीं होता है। कोई ऐसा नहीं सोचता कि कर्ज ले लेते हैं, सरकार माफ कर देगी। काम-काज बढ़ाने के लिए कर्ज लिया जाता है। लोगों ने मेहनत की लेकिन हालात से हार गए। कई बार आपके वश में नहीं होता है। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार उन लोगों के साथ खड़ी है। हम हाथ पकड़कर लोगों को ऐसी स्थिति से उबारेंगे।'
यह भी पढ़ें- अग्निवीरों को पुलिस विभाग में 20 प्रतिशत आरक्षण, योगी सरकार का ऐलान
बताया गया है कि कुल कर्ज 30 करोड़ रुपये का था। इस पर 22 करोड़ रुपये का ब्याज लगा था और 15 करोड़ रुपये का चक्रवृद्धि ब्याज लगा था। इसके चलते कुल राशि 68 करोड़ तक पहुंच गई थी। अब इसे पूरी तरह से माफ कर दिया गया है। यह कर्ज 1995 से पहले ही लिया गया था। CM भगवंत मान ने बताया कि PSCFC की ओर से कम ब्याज पर कर्ज दिया जाता है और अभी तक यह संस्था लगभग 847 करोड़ रुपये का कर्ज दे चुकी है।