महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की सियासत में चर्चाओं का दौर चल पड़ा है। लोग राज-फडणवीस की मुलाकात को लेकर अटकले लगाने लगे हैं। दरअसल, यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब 5 जुलाई को राज ठाकरे, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के साथ आ गए थे। दोनों चचेरे भाईयों ने एक साथ आकर राज्य के सियायी पारे में बड़ा बदलाव किया। मगर, अब राज ठाकरे की सीएम फडणवीस से मुलाकात चर्चा का केंद्र बन गई है।
इन खबरों के बीच खुद राज ठाकरे ने अटकलों पर विराम लगाते हुए बयान दिया है। दरअसल, हाल ही में बेस्ट कर्मचारी सहकारी ऋण समिति का चुनाव उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना और राज ठाकरे की मनसे ने एक साथ मिलकर लड़ा था। बुधवार को आए नतीजों में राज और उद्धव को हार का सामना करना पड़ा है। दोनों पार्टियों ने पहली बार मिलकर कोई चुनाव लड़ा था, लेकिन संयुक्त पैनल चुनाव में एक भी पद नहीं जीत पाए।
यह भी पढ़ें: बिहार: सर्वे में फेल तो नहीं मिलेगा टिकट! BJP लोगों से ले रही फीडबैक
चर्चाओं पर लगाया विराम
मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में ट्रैफिक की समस्या को लेकर मिले। उन्होंने कहा, 'आज मैंने ट्रैफिक के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। मुंबई में ट्रैफिक एक बड़ी समस्या है, अब गणेश चतुर्थी भी आ रही है।' मनसे प्रमुख ने आगे कहा, 'जो लोग दूसरे राज्यों से मुंबई आ रहे हैं, उन्हें शहर में केवल गड्ढे ही गड्ढे दिखाई देते हैं। लेकिन उन्हें यह नहीं दिखता कि उनका पूरा राज्य ही गड्ढे में तब्दील हो गया है।'
राज ठाकरे ने पत्रकारों से बात की
राज ठाकरे ने पत्रकारों से कहा कि राज्य के कई शहरों में झुग्गी बस्तियों का पुनर्विकास हो रहा है, जिससे कुछ इलाकों में जनसंख्या घनत्व दस गुना बढ़ गया है। नतीजतन, निवासियों को पार्किंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, सड़कों पर वाहनों की तादाद बढ़ रही है जिससे ये ट्रैफिक जाम का कारण बन रहे हैं। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने फडणवीस के सामने एक ‘प्रेजेंटेशन’ भी दिया, जिसमें मुंबई पुलिस कमिश्नर और संयुक्त पुलिस कमिश्नर (ट्रैफिक) मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर बने सतीश गोलचा, CM पर हमले के बाद हुआ बदलाव
खेल के मैदानों के में पार्किंग बनाने पर जोर
उन्होंने खेल के मैदानों के नीचे ऐसे पार्किंग स्थल बनाने की जरूरत पर जोर दिया, जहां 500 से 1,000 वाहन खड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि इन भूमिगत पार्किंग संरचनाओं का उनके ऊपर के खुले स्थानों पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रायोगिक परियोजना के तौर पर ऐसे तीन पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे, एक मुंबई में होगा और दो उपनगरों में बनाया जाएगा।
महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए शिवसेना (UBT) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की चर्चाएं हो रही हैं। यह ऐसे समय में हो रहा है जब ठाकरे भाइयों ने पिछले महीने मराठी पहचान और राज्य में हिंदी भाषा को थोपने के मुद्दे पर एक राजनीतिक मंच साझा किया था। बेस्ट क्रेडिट सोसाइटी चुनाव में मनसे-शिवसेना (उबाठा) पैनल की करारी हार के बाद फडणवीस ने बुधवार को दोनों पार्टियों पर ‘ठाकरे ब्रांड’ के नाम पर चुनाव का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया था।