• CHANDIGARH 21 May 2025, (अपडेटेड 21 May 2025, 5:57 PM IST)
पंजाब से कम पानी मिलने के मुद्दे को लेकर INLD के मुखिया अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि अगर पानी नहीं दिया गया तो पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर पक्के मोर्चे लगा दिए जाएंगे।
मीडिया को संबोधित करते अभय सिंह चौटाला, Photo Credit: INLD
हरियाणा और पंजाब के बीच पानी को लेकर हो रहे विवाद में अब इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) भी कूद गया है। पंजाब की सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (AAP) और हरियाणा की सरकार चला रही भारतीय जनता पार्टी (BJP) को घेरते हुए INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने चेतावनी दी है। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को ज्ञापन सौंपने के बाद अभय चौटाला ने कहा है कि कम पानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा है कि 25 मई को सांकेतिक बंद किया जाएगा और अगर उसके बाद भी पानी नहीं दिया गया तो हरियाणा-पंजाब के बॉर्डर पर INLD की ओर से पक्के मोर्च लगाए जाएंगे। INLD ने ऐलान किया है कि 25 मई से पंजाब नंबर की गाड़ियों को हरियाणा में घुसने नहीं दिया जाएगा।
पंजाब की ओर से पानी रोके जाने के मसले पर INLD के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में 15 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने बुधवार को राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात करके ज्ञापन सौंपा। उसके बाद जाट भवन, चंडीगढ़ में INLD की राष्ट्रीय और राज्य कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में तीन प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के बाद अभय सिंह चौटाला ने मीडिया को संबोधित करते हुए पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों पर आरोप लगाए कि वे दोनों डमी हैं और दिल्ली के इशारे पर काम करते हैं।
मीडिया को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा, 'पंजाब सरकार ने 9 हजार की बजाय 5 हजार क्यूसेक पानी दिया है। प्रदेश में सिंचाई के लिए ही नहीं बल्कि लोगों और मवेशियों के लिए पीने का भी पानी नहीं हैं। 25 मई को पंजाब-हरियाणा बॉर्डर के रास्ते को बंद करके सांकेतिक बंद किया जाएगा, जिसमें पंजाब नंबर की सभी गाड़ियों को रोका जाएगा।' अभय चौटाला ने बताया कि अंबाला जोन में पंजाब के दो बॉर्डर हैं, उन पर प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा के नेतृत्व में बंद का आयोजन होगा। सिरसा बॉर्डर पर आदित्य देवीलाल के नेतृत्व में और नरवाना बॉर्डर पर खुद अभय चौटाला की अगुवाई में पंजाब के रास्ते को बंद किया जाएगा।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को ज्ञापन सौंपते INLD के नेता
AAP और BJP को घेरते हुए अभय चौटाला ने कहा, 'पानी के मुद्दे पर BJP राजनीति कर रही है। हम भाखड़ा का 9 हजार क्यूसेक से एक क्यूसेक भी कम पानी नहीं लेंगे। पंजाब ने अगर फिर भी पानी नहीं दिया तो 1 जून से पंजाब बॉर्डर पर पक्के मोर्चे लगाएंगे। हम कांग्रेस से भी आह्वान करते हैं कि पानी की इस लड़ाई में हमारे साथ शामिल हो। अगर कांग्रेस सही में पानी के मुद्दे पर गंभीर है तो इस लड़ाई में साथ आए।'
अभय चौटाला ने आगे कहा, 'पंजाब सीएम भगवंत मान रात को 8 बजे जीतकर सोते हैं। हरियाणा और पंजाब दोनों के सीएम डमी हैं। पंजाब सीएम को दिल्ली से केजरीवाल और हरियाणा के सीएम को दिल्ली से मनोहर लाल चलाते हैं।' INLD ने एक और प्रस्ताव पारित किया है कि सतलुज-यमुना लिंक नहर यानी SYL की लड़ाई फिर से शुरू की जाएगी।
क्या है पानी का विवाद?
दरअसल, भाखड़ा और नंगल बांधों से हरियाणा को पानी मिलता है जबकि दोनों बांध पंजाब में हैं। पिछले कुछ समय से हरियाणा को कम पानी मिल रहा है। इसके बारे में पंजाब की भगवंत मान सरकार का कहना है कि हरियाणा अपने हिस्से का पानी पहले ही इस्तेमाल कर चुका है इसलिए और पानी नहीं दिया जाएगा। वहीं, हरियाणा सरकार लगातार मांग कर रही है कि उसे और पानी दिया जाए।