Vision 2047 क्या है जिसके लिए UP की विधानसभा में रातभर चर्चा हुई?
राज्य
• LUCKNOW 14 Aug 2025, (अपडेटेड 14 Aug 2025, 5:40 PM IST)
विजन 2047 पर उत्तर प्रदेश की विधानसभा में रातभर चर्चा होती रही। इस चर्चा के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी समाजवादी पार्टी पर तंज भी कसे।

उत्तर प्रदेश में चर्चा के दौरान मौजूद विधायक, Photo Credit: PTI
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बुधवार को लंबी चर्चा हुई। इस चर्चा के दौरान सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) और मुख्य विपक्षी समाजवादी पार्टी (SP) के अलावा बाकी दलों के सदस्यों ने भी अपनी चर्चा हुई। यह चर्चा 'विजन 2047' के मुद्दे पर आयोजित की गई थी। बुधवार सुबह 11 बजे शुरू हुई यह चर्चा रात भर जारी रही। सभी दलों ने भविष्य के विकास को लेकर सदन में चर्चा की और अपने विचार रखे। विपक्षी दलों ने 2047 की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए सरकार को घेरा तो उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा है कि भविष्य की पीढ़ियों के बारे में सोचने वाले नेता ही भविष्य की नींव रख सकते हैं, सिर्फ चुनाव जीतने के बारे में सोचने वाले नेता नहीं।
रात भर चली बहस के बाद सुबह लगभग 6 बजकर 15 मिनट पर राज्य के वित्त और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सभापति से सदस्यों के बोलने का समय 4 मिनट तक सीमित करने का आग्रह किया क्योंकि बड़ी संख्या में विधायक बाकी थे। बता दें कि यह चर्चा ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत-आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ विषय पर आयोजित की गई थी। यह चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से प्रेरित है। पीएम मोदी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण के दौरान 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प जताया था।
यह भी पढ़ें- स्वतंत्रता दिवस: लाल किले पर क्यों बुलाए गए हैं 85 पंचायतों के सरपंच?
इसी चर्चा के दौरान उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने 2047 की योजनाओं पर चर्चा की प्रासंगिकता पर सवाल उठाने के लिए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'केवल वे नेता जो भावी पीढ़ियों के कल्याण के बारे में सोचते हैं, वही भविष्य की नींव रख सकते हैं, न कि वे जो केवल अगला चुनाव जीतने के बारे में सोचते हैं।' उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दशकों आगे की सोच रखने वाले 'राष्ट्र नेता' हैं। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि 2047 में विकसित भारत के निर्माण के संकल्प में उत्तर प्रदेश की भूमिका पर चर्चा करने के अवसर को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लिया जाना चाहिए।
क्या है विजन 2047?
इसका पहला संबंध तो देश की आजादी के 100 साल पूरा होने से है। 1947 में 15 अगस्त को भारत को आजादी मिली थी और साल 2047 में 100 साल पूरे हो जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह मुहिम छेड़ी थी कि जब 100 साल पूरे हों तब तक देश की अर्थव्यवस्था को 30 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर तक पहुंचाया जा सके। इस पर लगातार कई मंत्रालय और विभाग काम भी कर रहे हैं ताकि देश की अर्थव्यवस्था को वह रफ्तार दी जा सके कि भारत अपने लक्ष्य तक पहुंच सके।
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में 65 लाख लोग छूटे, SC ने EC से कहा- सबके नाम अपलोड करो
इस प्रोजेक्ट के तहत नीति आयोग ब्लूप्रिंट तैयार कर रहे हैं कि अगले दो दशक में ऐसे क्या काम किए जा सकते हैं, जिससे यह लाक्ष्य हासिल हो सके। इसमें विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार करना, गैरजरूरी सरकारी हस्तक्षेप कम करना, डिजिटल इकॉनमी को बढ़ावा देना, एनर्जी सेक्टर में सुधार करना और कार्बन उत्सर्जन कम करना और देश में लैब्स बनाकर भारतीय संस्थानों की रैंकिंग सुधारना आदि शामिल है।
क्या बोले CM योगी आदित्यनाथ?
इस 'विज़न 2047' दस्तावेज पर 24 घंटे की अनवरत चर्चा में विपक्ष को जवाब देते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'समग्र विकास की अवधारणा ही विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित भारत की संकल्पना को साकार कर सकती है। भारत विकसित तब बनेगा, जब सभी राज्य इस दिशा में अपनी-अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे। अपनी भूमिका का निर्वहन करने की दृष्टि से पिछले 24 घंटे से अधिक समय से इस सदन में चर्चा का होना विकसित भारत की संकल्पनाओं को आगे बढ़ाने का विजन है।' पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के प्रति आभार और धन्यवाद देते हुए सीएम योगी ने कहा कि लोकतंत्र का मंच इसी गरिमा पूर्ण तरीके से लोकतंत्र को इसी प्रकार पुष्ट करता हुआ आगे बढ़ेगा।
#WATCH | Lucknow | A 24-hour discussion on the 'Vision Document 2047', UP CM Yogi Adityanath says," When we were holding discussions on this Vision document, I observed 2-3 things...Every Assembly constituency should benefit from government schemes and witness development. A… pic.twitter.com/fULvfkcvF7
— ANI (@ANI) August 14, 2025
विपक्ष की ओर से उठाए गए मसलों पर योगी आदित्यनाथ ने तंज कसते हुए कहा, 'नेता प्रतिपक्ष बुजुर्ग हैं, अनुभवी हैं, वह बोलने का प्रयास करते हैं और जब अपने स्वयं के विवेक से बोलते हैं तो सही बात बोलते हैं और दूसरे उनको संचालित करते हैं तो फिर उनको कभी-कभी 'मुर्गा' भी याद आने लगता है। विरोधी दल के सदस्यों द्वारा कुछ अच्छी बात कही जा रही थी और मुझे उसी पर एक बात याद आई।’ यह कहकर उन्होंने शेर पढ़ा- 'बड़ा हसीन है इनकी जबान का जादू, लगाकर आग बहारों की बात करते हैं। जिन्होंने रात में चुन-चुन के बस्तियां लूटी, वही नसीबों के मारों की बात करते हैं।'
यह भी पढ़ें- CM योगी की तारीफ की सजा! समाजवादी पार्टी ने पूजा पाल को किया बर्खास्त
CM योगी ने आगे कहा, 'पूरे प्रदेश और देश की नजर यहां उठे मुद्दों पर हैं। उत्तर प्रदेश सिर्फ देश की सबसे बड़ी आबादी का राज्य भर नहीं है, यह भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने वाला भी है। देश की एक प्रकार की ऊर्जा का केंद्र बिंदु भी है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि आज यूपी एक आशा है, एक उम्मीद बन चुका है, भारत अगर आज दुनिया के लिए प्राइम स्पॉट है तो यूपी भारत की ग्रोथ को ड्राइव करने वाला अहम नेतृत्व दे रहा है। यह हमारा सौभाग्य है कि आजादी के अमृत काल में देश की स्वतंत्रता के 78 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। पूरा देश आजादी के अमृत महोत्सव में देश हित की भावनाओं के साथ जुड़ा था और उस समय मोदी ने देशवासियों के सामने कुछ संकल्प दिए थे। उनमें महत्वपूर्ण संकल्प 2047 तक देश को विकसित भारत के रूप में स्थापित करना है।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap