चीन की एक 56 वर्षीय महिला को पता चला कि उसका पति उसे धोखा दे रहा है। महिला को एक डॉक्टर ने सलाह दी कि अगर वह इस उम्र में अपने चेहरे की झुर्रियां हटवा ले तो उसका पति उसे धोखा नहीं देगा। डॉक्टर ने महिला को समझाया कि झुर्रियों की वजह से ही समस्या है। अब इन झुर्रियों को हटवाने के चक्कर में इस महिला ने 8600 डॉलर यानी लगभग 7.5 लाख रुपये खर्च डाले। हैरानी की बात तो यह है कि ये पैसे महिला के पोते की स्कूल की फीस के लिए जुटाए गए थे।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस महिला ने अपने घर के पास के ही एक क्लीनिक में प्लास्टिक सर्जरी करवाई। बताया गया है कि क्लीनिक में काम करने वाले सर्जन ने महिला को भरोसा दिला दिया था कि उसके चेहरे पर बहुत सारी झुर्रियां हैं, जिसकी वजह से उसका पति उसे धोखा दे रहा है। उस डॉक्टर ने महिला को ऐसी कई सारी बातें बताकर बहुत डरा दिया था। डॉक्टर ने उसे यह विश्वास दिला दिया था कि परिवार में जो भी समस्साएं हैं, इन झुर्रियों को हटवाने से ठीक हो जाएंगी।
महिला पहले एक थेरेपी सेंटर गई थीं और उस सेंटर के लोग ही उन्हें प्लास्टिक सर्जरी वाले क्लीनिक लेकर गए। वहां उन्हें बताया गया कि आंख के चारों ओर की झुर्रियों से किस्मत खराब होती है। उन्हें यह समझा दिया गया कि अगर ये झुर्रियां हटवा ली जाएं तो किस्मत पलट सकती है। अकेले क्लीनिक गई महिला को इतना डरा दिया गया कि उसने तुरंत अपने ही मोबाइल से पेमेंट कर दी। जब तक उन्हें एहसास होता कि क्या हो रहा है, तब तक वह भारी भरकम रकम दे चुकी थीं।
यह भी पढ़ें- क्या होता है स्टेज 4 आलिगोमेटास्टेटिक कैंसर? जिसेस जूझ रही हैं तनिष्ठा
परिवार को इसकी जानकारी कैसे मिली
महिला की बेटी को इस बारे में तब पता चला जब उसकी तबीयत बहुत खराब होने लगी। उसे सिरदर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी थी। उसकी हालत ऐसी हो गई थी कि वह अपना मुंह भी नहीं खोल पा रही थी। पता चला कि उसे हायलूरोनिक एसिड फिलर का इंजेक्शन लगाया गया था। उसके मेडिकल डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, उसे एक ही बार में 10 ट्रीटमेंट करवाने पड़े थे।
यह भी पढ़ें- दिनभर आती है नींद, खाने पीने की ये चीजें हो सकती हैं कारण
बाद में, महिला की बेटी ने पैसे वापस करने की मांग की और दावा किया कि क्लीनिक ने उसकी मां के साथ धोखा किया है। परिवार ने जब सर्जन और क्लीनिक से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने साफ मना कर दिया। अब महिला कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है।