'कांटा लगा' फेम शेफाली जरीवाला अब नहीं रहीं। 42 साल की उम्र में उनका मुंबई स्थित अपार्टमेंट में निधन हो गया है। उनकी लाश पोस्टमार्टम के लिए कूपर हॉस्पिटल भेजा गया है। पहले दावा किया जा रहा था कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है लेकिन अब पुलिस ने कहा है कि मौत की वजह साफ नहीं है। पुलिस की एक टीम कूपर हॉस्पिटल के बाहर खड़ी है। उनकी मौत से फिल्म जगत में शोक की लहर है। शेफाली जरीवाला का घर मुंबई के अंधेरी इलाके में था।
मुंबई पुलिस ने कहा, 'शेफाली जरीवाला को उनके अंधेरी स्थित निवास पर मृत पाया गया। मुंबई पुलिस को इसकी सूचना रात 1 बजे मिली थी। एक पुलिस और फोरेंसिक टीम ने आज उनके घर का दौरा किया। उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। मौत की वजह अभी तक साफ नहीं है।'
अब तक क्या पता चला?
शेफाली जरीवाला को अस्पताल लेकर उनके पति पराग त्यागी बेलव्यू अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ 3 और लोग भी थे। अस्पताल के रिसेप्शन स्टॉफ ने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। मुंबई पुलिस ने कहा है कि अंधेरी की फ्लैट में उनकी लाश मिली थी। अभी तक उनकी मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। उनके घर पर फॉरेंसिक विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची है, केस की छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'कांटा लगा' फेम शेफाली जरीवाला नहीं रहीं, 42 साल की उम्र में हुआ निधन
'मौत के बाद बिखरे नजर आए पराग'
अस्पताल के बाहर पराग भी नजर आए। उन्होंने अपना चेहरा ढक रखा था और चेहरे पर बेचैनी नजर आ रही थी। वह अस्पाताल में इधर से उधर जाते नजर आए। उनके घर जब फॉरेंसिक टीम पहुंची तो वह भी घर पर मौजूद थे।
कांटा लगा से मिला था शेफाली जरीवाला को फेम
शेफाली जरीवाला को बेहद कम उम्र में ही फेम मिल गया था। जब वह 20 साल की थीं, तब उन्होंने एक आइटम सॉन्ग 'कांटा लगा' में काम किया था। यह गाना ब्लॉकबस्टर था। दुनिया आज भी उन्हें इस गाने के लिए याद करती है। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में काम किया।
पर्दे पर कैसे रहा करियर?
शेफाली और उनके पति पराग ने 'नच बलिए 5' और 'नच बलिए 7' जैसे डांस रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया था। वह 'बिग बॉस 13' में भी नजर आई थीं। शेफाली ने 2004 में हरमीत सिंह से शादी की थी, लेकिन 2009 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद 2015 में उन्होंने पराग त्यागी से शादी की थी।