देश में एक बार फिर कोविड-19 संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। रविवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या 3,395 हो गई है। केरल में सबसे ज्यादा 1,336 मामले सामने आए हैं, वहीं महाराष्ट्र में मरीजों की संख्या बढ़कर 467 हो गई है। दिल्ली में 375 केस, गुजरात में 265 और कर्नाटक में 234 केस सामने आए हैं। पश्चिम बंगाल में मरीजों की संख्या बढ़कर 205 हो गई है, वहीं तमिलनाडु में 185 और उत्तर प्रदेश में 117 मरीज सामने आए हैं।
शुक्रवार से शनिवार के बीच 685 नए मामले सामने आए और चार लोगों की मौत हुई। इनमें दिल्ली, केरल, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश में एक-एक मौत शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि ज्यादातर मामलों में मरीजों में हल्के लक्षण दिख रहे हैं और मरीज घर पर ही ठीक हो रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि अभी घबराने की जरूरत नहीं है, स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कर्नाटक में अलर्ट, स्कूलों के लिए खास निर्देश जारी
कर्नाटक में 31 मई तक 238 कोविड एक्टिव केस थे, शनिवार को 58 नए मामले दर्ज किए गए। कोविड की वजह से कर्नाटक में एक मौत भी हुई है। बेंगलुरु में 63 साल के एक व्यक्ति की कोविड से मौत हुई है।
कर्नाटक में अब तक 420 लोगों के सैंपल जांचे गए हैं। कोविड पॉजिटिविटी रेट 13.8 प्रतिशत है। स्कूल खुलने के बाद कर्नाटक सरकार ने स्कूलों को सावधानी बरतने का निर्देश दिया है। अगर बच्चों में बुखार, खांसी या सर्दी जैसे लक्षण दिखें, तो उन्हें घर पर रखने और डॉक्टर की सलाह लेने को कहा गया है।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन से JN.1 तक, वायरस एक, वेरिएंट अनेक, कहानी कोविड म्यूटेशन की
दिल्ली में पहली मौत, महाराष्ट्र में 68 नए मामले
दिल्ली में कोविड संक्रमित एक 60 वर्षीय महिला की मौत हुई है। महिला आंतों के संक्रमण से जूझ रही थी। दिल्ली में अभी तक कुल 19 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अस्पताल तैयार हैं और घबराने की जरूरत नहीं। महाराष्ट्र में शनिवार को 68 नए मामले आए, जिनमें मुंबई से 30 और पुणे से 15 शामिल हैं। इस साल अब तक वहां 749 मामले दर्ज हुए हैं। सभी मरीजों की हालत स्थिर है।
ओडिशा से अरुणाचल तक फैला संक्रमण
ओडिशा में दो नए मामले सामने आए, जिससे कुल सक्रिय मामले सात हो गए हैं। स्वास्थ्य सचिव अस्वथी एस ने कहा कि मरीजों की हालत स्थिर है और घबराने की जरूरत नहीं। अरुणाचल प्रदेश में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या अब 3 तक पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें: क्या कोविड कभी खत्म नहीं होगा? वे फैक्टर जो इसे बनाते हैं 'Endemic'
क्यों अचानक बढ़े लगे कोविड केस?
ICMR के निदेशक राजीव बहल ने बताया देश में अचानक बढ़े केस के पीछे ओमिक्रॉन के अलग-अलग सब वेरिएंट्स हैं। अब तक LF.7, XFG, JN.1, और NB.1.8.1 वेरिएंट के केस सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता जरूरी है। केंद्र ने अभी कोई औपचारिक दिशानिर्देश जारी नहीं किया है।