नेपाल के नामी शेरपा गाइड कामी रीता ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उन्होंने माउंट एवरेस्ट की 31वीं बार सफल चढ़ाई करके दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सबसे ज्यादा बार चढ़ने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
55 साल के शेरपा कामी रीता ने मंगलवार लगभग सुबह 4 बजे 8,849 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर यह इतिहास रचा। यह चढ़ाई भारतीय सेना के एडवेंचर विंग के दल के साथ हुई, जिसका नेतृत्व लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी कर रहे थे। यह जानकारी सेवन समिट ट्रेक्स के अध्यक्ष मिंगमा शेरपा ने दी।
यह भी पढ़ें: मिस्र में मिले शराब के 5 हजार साल पुराने जार, इससे क्या हासिल होगा?
मिंगमा शेरपा ने बताया कि 'यह नई उपलब्धि कामी रीता को 'सबसे ज्यादा बार एवरेस्ट फतह करने वाले पर्वतारोही' के तौर पर और भी मजबूत करती है। कोई दूसरा पर्वतारोही इस रिकॉर्ड के पास भी नहीं पहुंचा है।' साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि summit के बाद वह पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ हैं और अब वापस बेस कैंप की ओर लौट रहे हैं।
कामी रीता शेरपा कौन हैं?
कामी रीता का जन्म नेपाल के सोलुखुम्बु क्षेत्र में हुआ था, जो शेरपा समुदाय का प्रमुख इलाका माना जाता है। उन्होंने 1992 में एक सपोर्ट स्टाफ के रूप में अपने पर्वतारोहण करियर की शुरुआत की और 1994 में पहली बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की।
यह भी पढ़ें: दिल्ली का डूबता 'मिंटो ब्रिज', 1958 से हर मानसून की वही कहानी
उनके पिता भी पहले शेरपा गाइड्स में से एक थे, जिनसे कामी रीता को पर्वतारोहण की प्रेरणा मिली। छांग दावा शेरपा, जो सेवन समिट ट्रेक्स के एक्सपीडिशन डायरेक्टर हैं, कहते हैं कि कामी रीता को बचपन से ही पर्वतारोहण का शौक था और वे दो दशकों से ज्यादा समय से पहाड़ चढ़ रहे हैं।
माउंट एवरेस्ट के अलावा, कामी रीता ने के2 और ल्होत्से पर्वत पर एक-एक बार, मानसलु पर्वत तीन बार और चो ओयू पर्वत आठ बार चढ़ाई की है।